हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचल में आपदा से हुए नुकसान की जानकारी तीनों नेताओं को दी।
सूत्रों की माने तो इस मुलाकात के दौरान सीएम सुक्खू ने प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर भी चर्चा की है, क्योंकि प्रदेश में 8 महीने से अधिक समय से कांग्रेस का संगठन नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते साल 6 नवंबर को राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग कर रखी है।इससे धरातल पर पार्टी की एक्टिविटी ठप पड़ी है। कांग्रेस वर्कर इससे मायूस है। सूत्र बताते हैं कि सीएम सुक्खू ने जल्द संगठन बनाने का आग्रह किया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात में हिमाचल में कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई है। सुक्खू कैबिनेट में मंत्री का एक पद खाली पड़ा हुआ है। कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद का सशक्त दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि कुल्लू जिले से कैबिनेट में कोई भी मंत्री नहीं है। सुंदर सिंह ठाकुर आज खुद भी सीएम के साथ दिल्ली में मौजूद है।
