शिमला में युवती से रेप, बच्ची को दिया जन्म

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: दुराचार से पीडि़त युवती ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। पीडि़ता ने अज्ञात शख्स पर दुराचार का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामला शिमला के ठियोग थाना के एक क्षेत्र का बताया जा रहा है। बच्ची को जन्म देने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने पिता की मृत्यु के बाद बचपन से ही उसे उसकी दादी के पास छोड़ दिया था। दादी की भी एक साल पहले मृत्यु हो गई थी। कुछ दिन पहले पीडि़ता के पेट में दर्द हुआ था। 28 नवंबर को जब वह अपनी एक रिश्तेदार के घर में थी, तो रात को उसकी हालत खराब हो गई और प्रसव पीड़ा होने पर उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

वहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। पीडि़ता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक नौ माह पहले एक अज्ञात शख्स बहला-फुसलाकर उसे चियोग के जंगल में ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी उसका परिचित नहीं है, लेकिन सामने आने पर वह उसे पहचान लेगी। पीडि़ता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा का कहना है कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *