देहरागोपीपुर(कांगड़ा)। घरवालों की लापरवाही के चलते एक अज्ञात महिला ने दिन दहाड़े लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े हुई चोरी के कारण इलाके में सनसनी फैल गई है। चोरी की घटना परागपुर गांव में हुई है और अज्ञात महिला ने एक शिक्षक के घर को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस ने शिक्षक की शिकायत के बाद मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस से जानकारी के अनुसार थाना देहरा के तहत गांव परागपुर में शिक्षक अपने घरवालों के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर शिक्षक की वृद्ध माता और एक नौकरानी थी। सोमवार दोपहर के समय एक अज्ञात महिला उनके घर आई और कहां की वह उनकी बहू की सहेली है।
इस दौरान उक्त महिला ने बुजुर्ग से आग्रह किया उसके पेट में दर्द हो रहा है। इसलिए वह बुजुर्ग का शौचालय इस्तेमाल करना चाहती है। वृद्ध महिला ने उसे घर के अंदर बने शौचालय को इस्तेमाल करने दिया। इसके बाद अज्ञात महिला ने मौका देखकर घर के अंदर अलमारी को खोल लिया और अलमारी में रखे करीब 12 लाख रुपये के सोने के गहने और करीब 10 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर रफ्फूचक्कर हो गई।
शिक्षक के घर पहुंचने पर चोरी होने की जानकारी मिली। शिक्षक ने पुलिस को सूचना दी। डीएसपी देहरा अनिल ठाकुर ने बताया कि एक शिक्षक के घर से अज्ञात महिला द्वारा चोरी करने की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

