भारत सरकार ने किसान नेताओं को बैठक के लिए बुलाया, चंडीगढ़ में किया आमंत्रित

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: किसानों के दिल्ली कूच के एलान के बीच भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से किसान नेताओं को बैठक के लिए पत्र जारी किया गया है। यह पत्र किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, संयुक्त किसान मोर्चा अराजनैतिक व सरबन सिंह पंधेर किसान मजदूर मोर्चा को लिखा गया है। किसानों की मांगों को लेकर इसमें विचार किया जाएगा। बैठक केंद्रीय मंत्री अर्जून मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय के साथ 12 फरवरी की शाम पांच बजे तय की गई है।

हरियाणा में अलर्ट पर प्रशासन

हरियाणा के अंबाला में पंजाब की तरफ से आने वाले सभी मार्गों को जिला प्रशासन ने बंद करने का निर्णय ले लिया है। जल्द ही इन मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा दी जाएगी। इसके साथ ही चंडीगढ़ से आने जाने वाले मार्ग को भी बंद कर दिया गया है।

अभी जाम में सैंकड़ों वाहन फंसे हुए हैं ऐसे में चंडीगढ़ जाने के लिए एक लेन फिलहाल के लिए खोली गई है। आने वाला रास्ता बंद है। वहीं अंबाला में सेक्टर 10 स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम को अस्थाई जेल बना दिया गया है। ताकि किसानों की गिरफ्तारी होने पर यहां लाया जा सके।

किसानों के दिल्ली कूच के चलते अंबाला कुरुक्षेत्र कैथल जींद हिसार फतेहाबाद सिरसा में इंटरनेट सेवाएं बंद करने का प्रसाशन ने फैसला लिया है। शनिवार रात से तीन दिनों तक इन जिलों में इंटरनेट बंद रहेगा।

अंबाला पुलिस का रूट डायवर्ट प्लान 

  •  अंबाला से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन अंबाला छावनी, कैपिटल चौक से साहा, शहजादपुर, रामगढ़, पंचकूला होते हुए चंडीगढ़ जा सकते हैं।
  •  अंबाला से दिल्ली जाने वाले वाहन छावनी कैपिटल चौक से साहा, शाहबाद, कुरुक्षेत्र, करनाल से होते हुए दिल्ली जा सकते हैं।
  •  अंबाला से नारायणगढ़ जाने वाले वाहन छावनी कैपिटल चौक से साहा, शहजादपुर होते हुए नारायणगढ़ जा सकते हैं।
  •  एनएच-44 दिल्ली चंडीगढ़ हाईवे पर किसी यातायात की बांधा की परिस्थिति में चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला, रामगढ़, साहा, शाहबाद, कुरुक्षेत्र के रास्ते अथवा पंचकूला, एनएच-344 यमुनानगर इंद्री, पिपली, करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *