राजस्थान,आबू रोड, सुरेन्द्र राणा;
ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में शुक्रवार को राष्ट्रीय मीडिया कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ स्वागत सत्र के साथ हुआ। इस सम्मेलन में देशभर से आए करीब दो हजार पत्रकार शामिल हुए। 26 से 30 सितम्बर तक चलने वाले इस आयोजन में पत्रकारिता की सकारात्मक भूमिका, शांति और एकता जैसे मुद्दों पर चिंतन होगा।
संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बीके जयंती दीदी ने लंदन से वर्चुअल शुभकामनाएं भेजते हुए कहा कि मीडिया सिर्फ सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को शिक्षित करने का भी कार्य करता है। उन्होंने फरवरी में होने वाले इंटरनेशनल इंटिग्रिटी रिट्रीट में आने का न्यौता दिया और कहा “जहां भी कुछ अच्छा कार्य दिखे, उसे प्रमोट करें। शांति, विश्वास और सत्यता ही मानव का मूल स्वभाव है।”
बीके निकुंज, राष्ट्रीय संयोजक मीडिया विंग ने कहा कि शांति और विश्वास जब भीतर होंगे तभी समाज में स्थापित होंगे। सभा को शांति की शक्ति से विश्वास का भाव जगाने की शपथ भी दिलाई गई। वहीं बीके आत्मप्रकाश ने कहा कि पत्रकारिता आत्मा की पहचान और सत्य के प्रसार का माध्यम बन सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार मधुकर द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता का भाव लोकमंगल होना चाहिए, वहीं बीके डॉ. गंगाधर ने जोड़ा कि सच्चा समाचार वही है जो ईश्वर और मानवता से जोड़ दे। गुजरात से आईं बीके रंजन बहन ने मेडिटेशन को लेखनी और सोच में सकारात्मकता लाने का आधार बताया।
मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसीलाल शाह ने नशामुक्त भारत अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ ध्यान और मेडिटेशन के जरिए समाज को नशे से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
मुख्य अतिथि और अभिनेत्री डॉ. ईशा अग्रवाल ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है और उसे सत्य एवं अहिंसा की आवाज़ बनना चाहिए।
कार्यक्रम में गीत, नृत्य और इग्नू के रीजनल डायरेक्टर डॉ. कमलेश मीणा की किताब ‘समावेशी विचार’ का विमोचन भी हुआ।
इसके साथ ही मीडिया एक्सपो का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें मैजिक मेडिटेशन, माइंड स्पा, स्वर्णिम भारत की झांकी और शाश्वत यौगिक खेती समेत कई आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। यह एक्सपो सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बन गया है।
वहीं राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
