पैत्रोदा के ‘विरासत टैक्स’ पर घिरी कांग्रेस, मोदी बोले, मरने के बाद भी आपसे टैक्स लेना चाहती है कांग्रेस

Spread the love

दिल्ली:लोकसभा चुनाव के बीच ‘विरासत टैक्स’ पर कांग्रेस और भाजपा के बीच बुधवार को सियासी संग्राम छिड़ गया। यह बहस इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पैत्रोदा के उस बयान के बाद शुरू हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस होनी चाहिए।

अमरीका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी के पास 10 करोड़ डालर की संपत्ति है। उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को मिलती है, जबकि 55 फीसदी पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है। यह बड़ा ही दिलचस्प कानून है।

इस बयान के बाद पीएम मोदी, अमित शाह समेत भाजपा के कई नेताओं ने अपनी-अपनी रैलियों में कांग्रेस पर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कहा कि कांग्रेस कहती है कि वह माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वह आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। वह भी कांग्रेस का पंजा आपसे छीन लेगा। कांग्रेस का यह मंत्र आपकी संपत्ति छीन लेगा, आपको लूट लेगा। कांग्रेस का मंत्र है, जिंदगी के साथ भी-जिंदगी के बाद भी।

जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी। जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी पैतृक संपत्ति मानकर अपने बच्चों को दे दी, वह नहीं चाहते कि सामान्य भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को दें। उधर, मामला बिगड़ता देख कांग्रेस ने सैम पैत्रोदा के बयान से किनारा कर लिया।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह उनके निजी विचार हैं। इसका पार्टी से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि देश में एक संविधान है। हमारी ऐसी कोई मंशा नहीं है। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि आप उनके (पीएम मोदी के) आइडिया पर हमारा नाम क्यों लगा रहे हैं।

सिर्फ वोट की खातिर पीएम मोदी ये सारे खेल खेल रहे हैं। राहुल गांधी ने नई दिल्ली में एक पार्टी इवेंट में कहा कि मैंने यह नहीं कहा कि हम अमीरों की संपत्ति गरीबों में बांट देंगे। मैं सिर्फ यह कह रहा हूं कि हमें ये देखना चाहिए कि गरीबों से कितना अन्याय हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *