पालमपुर में कार्यकर्ताओं का विराट सम्मेलन देख गदगद हुए शांता कुमार, जाहिर की अंतिम इच्छा

Spread the love

कांगड़ा, ब्यूरो: प्रभु के पास जाने से पहले पालमपुर और प्रदेश में भाजपा की जीत हो यही मेरी आखिरी इच्छा है। यह शब्द शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने विधानसभा पालमपुर के दोनों मंडलों के संयुक्त संगठनात्मक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। शांता कुमार कार्यकर्ताओं का जोश देखकर काफी उत्साहित हुए और उन्होंने कहा कि जिस समय हमने इस पार्टी का गठन किया था, तब पूरे देश में पार्टी के साथ कार्यकर्ताओं को जोडऩा बहुत ही मुश्किल काम होता था पर सच्चे मन और देश को परम वैभव तक ले जाने के सपने को संजो कर पार्टी के कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे और उस समय की सबसे छोटी पार्टी आज कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई।

उन्होंने कहा कि उस समय जब हम चुनाव लड़ते थे और सभी चुनाव हार जाते थे, पर जब रिजल्ट आता था तो हार से भी हम खुश होते थे और जो अपनी जमानत बचा पाता था, वह कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाता था। आप कल्पना नहीं कर सकते हैं कि कोई व्यक्ति हार कर भी खुशी मनाए। शांता कुमार ने कहा कि आज का युग इस देश का और पार्टी का स्वर्ण युग चला हुआ है, आज दुनिया के 193 देशों में सबसे सफल, ताकतवर और सबसे प्रतिष्ठित व्यक्ति हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं। आज पूरी दुनिया में न तो मोदी जी का और न ही भाजपा का कोई विकल्प है। उन्होंने कहा कि मैंने 60 साल राजनीति की, अपने तरीके से की और सिद्धांतों पर की। हमारी पार्टी का सिद्धांत था की चाहे सरकार चली जाए पर पार्टी सिद्धांत पर ही चले। मैं आज खुश हूं कि मैंने जिंदगी में जो भी चाहा भगवान ने दिया पर कभी भ्रष्टाचार के रास्ते को नहीं चुना। शांता कुमार ने स्वामी विवेकानंद मेडिकल ट्रस्ट पालमपुर पर भी चर्चा करते हुए कहा कि मेरा शुरू से सपना था कि मैं लोगों की सेवा के लिए कोई कार्य करके जाऊं और उसी का नतीजा है कि आज इस संस्था में लाखों लोगों का उपचार हो रहा है और लगभग डेढ़ हजार लोगों को इससे रोजगार भी मिला है। शांता कुमार ने इस सफल कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि सच में यह कार्यक्रम संगठन को मजबूती देने वाला है, पालमपुर के कार्यकर्ताओं को त्रिलोक कपूर ने जिस तरीके से खड़ा करके संगठन को मजबूत बनाया है वह सच में काबिले तारीफ है, और आज के इस भव्य कार्यक्रम को देखकर मुझे पूर्ण विश्वास हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पालमपुर से भव्य जीत हासिल करके शिमला की सरकार में अपना विधायक बिठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *