पानी बढ़ने से सतलुज से सटे फिरोजपुर-फाजिल्का के गांव संकट में, हरियाणा में यमुना खतरे के निशान से ऊपर

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में पर रुक-रुककर हो रही बारिश से सतलुज दरिया में दोबारा जलस्तर बढ़ने से फिरोजपुर में हबीबके गांव के पास बांध में रिसाव होने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। शनिवार को बांध टूटने की अफवाह के चलते हबीबके के करीब 20 घरों के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सामान लादकर गांव से बाहर निकल गए।

सरहदी गांव कालूवाला में 2 मकान ढह गए। लोग घरों से सामान निकालकर स्कूल में डेरा डालकर बैठे हैं। पिछले 13 घंटे में सतलुज में जलस्तर 6900 क्यूसिक बढ़ गया है। फाजिल्का के 12 गांवों में फिर सतलुज का पानी भरना शुरू हो गया। कई जगह एक फीट से ज्यादा पानी बढ़ा। वहीं, डीसी डॉ. सेनू दुग्गल के अनुसार, स्थिति काबू में है। जेसीबी मशीनें हर स्थिति से निबटने को तैयार हैं।

नवांशहर में रोपड़ हेडवर्क्स से सतलुज में रविवार सुबह पानी का फ्लो करीब 35 से 40 हजार क्यूसिक पहुंच गया है। पहाड़ों से निकलने वाले नदी-नालों से ज्यादा पानी पहुंचना है। संगरूर में घग्गर दरिया का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 8 इंच कम होकर 748.2 फीट पर आ गया। यह खतरे के निशान से 1.8 फीट नीचे है।

डेरा बाबा नानक गुरदासपुर में रावी दरिया ओवरफ्लो होने से गांव घनिएके बेट, सहारण, कस्सोवाल के खेतों और डेरों 5 दिन से कटे हुए हैं। टांडा उड़मुड़ में ब्यास दरिया ओवरफ्लो है। वहीं, हिमाचल में 24 घंटे के दाैरान कई जगह भारी बारिश हुई। सिरमाैर में सबसे ज्यादा 19.5 सेमी बारिश रिकाॅर्ड हुई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल में 696 सड़कें बंद हैं।

10 दिन से तबाही मचा रही घग्गर नदी का जलस्तर सिरसा में ओटू हेड पर 4 हजार क्यूसेक कम होकर 40 हजार क्यूसेक पर आ गया। फतेहाबाद ब्लॉक के जिन गांवों में बाढ़ का प्रभाव नहीं है, उनमें सोमवार से स्कूल खुलेंगे। यमुना नदी फिर खतरे के निशान से ऊपर आ गई है। इससे यमुनानगर, करनाल, पानीपत में फिर से कई जगह कटाव शुरू हो गया है। रविवार को पानीपत में यमुना चेतावनी के निशान (231 मी.) से ऊपर 231.13 मीटर पर बही।

पंजाब के डैम में जलस्तर…

मौसम विभाग ने शनिवार के कई जिलों में भारी बारिश को और तेज करते हुए रविवार को बताया कि मंगलवार की बजाए अब सोमवार से ही पंजाब के माझा, दोआबा और पूर्वी मालवा के जिलों और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों भारी बारिश की आशंका है। पंजाब में इस मानसून सीजन के दौरान 1 जून से लेकर 23 जुलाई तक 265 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है जो सामान्य के मुकाबले 50 फीसदी से भी अधिक है।

दिल्ली में अलर्ट जारी, मौसम विभाग की गुजरात और हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी

हरियाणा में हथिनी कुंड से पानी छाेड़े जाने के बाद राजधानी दिल्ली में यमुना नदी एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर आ गई है। रविवार काे यह खतरे के निशान (205.33मी.) से ऊपर 205.81 मी. तक पहुंच गया। इसे देखते हुए दिल्ली में अलर्ट जारी किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना के जलस्तर के संबंध में दिल्ली के एलजी, जूनागढ़ में बाढ़ के बारे में गुजरात के सीएम से जानकारी ली है। माैसम विभाग ने गुजरात और हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

हरियाणा में बाढ़ से अब तक 5.14 लाख एकड़ फसलों को नुकसान

हरियाणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब बीमारियों को प्रकोप बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने कुरुक्षेत्र में कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी हैं। प्रदेश में बाढ़ से अब तक 5.14 लाख एकड़ फसलों को नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटे में 8195 एकड़ में फसल में पानी घुसा है। अब तक 40 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ की चपेट में 1463 गांव आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *