हमीरपुर:नादौन में इस साल सितंबर में एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप की मैराथन स्पर्धा होगी। संभवत : 24 से 28 सितंबर तक होने वाली स्पर्धा में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा अन्य देशों की टीमें भी भाग लेंगी। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, जिला प्रशासन और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन ने चैंपियनशिप की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने कमेटियों की अधिसूचना भी जारी कर दी है।
उपायुक्त हमीरपुर को चैंपियनशिप के लिए निदेशक बनाया है। डीसी हेमराज बैरवा ने वीरवार को अधिकारियों और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल कुलदीप सिंह बांश्टू भी दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उपायुक्त ने एसडीएम नादौन को राफ्टिंग साइट, मैराथन रूट, चैंपियनशिप के उद्घाटन एवं समापन समारोह स्थल पर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत को लेकर विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन से आग्रह किया कि वे प्रतिभागी टीमों की संख्या, मैराथन के निर्णायक मंडल में नियुक्त होने वाले अधिकारियों की संभावित संख्या के बारे में अवगत करवाएं। संख्या के बारे में पता चलने पर ही प्रतिभागियों और अधिकारियों के रहने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री के ओएसडी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट के लिए सभी निर्धारित मानकों के अनुसार ही तैयारियां की जानी चाहिए। राफ्टिंग एसोसिएशन अध्यक्ष शौकत पाल सिंह ने चैंपियनशिप के संंबंध में जानकारी दी और आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन का आभार जताया। बैठक में एसपी डॉ. आकृति शर्मा, एडीसी जितेंद्र सांजटा, एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल आदि अधिकारी मौजूद रहे।
