शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में रेजिडेंट कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मीटिंग के बाद आज दोपहर बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए), हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन और स्टेट एसोसिएशन ऑफ मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज टीचर्स की जॉइंट एक्शन कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
आरडीए की मांग है कि डॉ. राघव निरुला के खिलाफ टर्मिनेशन की कार्रवाई को निरस्त किया जाए। आईजीएमसी परिसर के भीतर भीड़ द्वारा डराने-धमकाने/ट्रायल की गंभीर घटना मामले में दोषियों के खिलाफ फिर, डॉ. राघव को जान से मारने की धमकी तथा उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर करने वाले नरेश दस्ता पर मामला दर्ज करने की मांग की गई। इससे पहले सुबह के वक्त ओक ओवर में सीएम सुक्खू के साथ इनकी मीटिंग हुई।सीएम सुक्खू ने इस मामले में फिर से जांच करने और डॉक्टरों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने की बात कही। बावजूद इसके डॉक्टर हड़ताल पर जाएंगे।
आज भी प्रदेशभर में 3000 ज्यादा डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर रहे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई। मरीजों को ओपीडी में देखने वाला कोई नहीं है। दूर-दराज क्षेत्रों से लोग इलाज की उम्मीद में सुबह सुबह आईजीएमसी शिमला समेत प्रदेश के दूसरे अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। मगर उन्हें बिना उपचार घर लौटना पड़ रहा है।
