आज फाइनल हो सकते हैं कांग्रेस उम्मीदवार

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: दिल्ली में आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश से प्रस्तावित चारों लोकसभा सीटों के संभावित नामों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े इस समिति के अध्यक्ष हैं। प्रदेश से प्रस्तावित नामों की पैरवी के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी दिल्ली में ही मौजूद रहेंगे।

इससे पूर्व समन्वय समिति की एक बैठक चंडीगढ़ में आयोजित हो चुकी है और इस बैठक में कई नामों पर चर्चा के बाद कांग्रेस कमेटी ने उन नेताओं को सूचीबद्ध किया है, जो टिकट हासिल करने की दौड़ में अंतिम पायदान तक पहुंचे हैं। लोकसभा में तीन सीटों पर कांग्रेस के लिए उम्मीदवार तय करना ज्यादा मुश्किल नहीं है, जबकि शिमला संसदीय सीट पर अभी भी कई चेहरों पर चर्चा चल रही है।

कांग्रेस ने जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों पर इस बार दाव लगाने का फैसला किया है और इसके लिए सर्वे को भी आधार बनाया गया है। गौरतलब है कि राज्य से प्रस्तावित और स्क्रीनिंग कमेटी से पास हुए नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति विचार करती है। इस दौरान जो नाम समिति में सर्वसहमति से पारित होते हैं, उन्हें टिकट देने का फैसला लिया जाता है। हिमाचल में संबंध में यह बैठक शनिवार को दिल्ली में प्रस्तावित है। प्रदेश में छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं, लेकिन इस बैठक में लोकसभा चुनाव पर ही चर्चा होने की संभावना है। टिकट तय होने के बाद कांग्रेस प्रचार का रोडमैप तैयार करेगी।

कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने कहा है कि लोकसभा में जीतने वालों को ही पार्टी टिकट देगी। ज्यादातर सीटों पर नाम शॉर्टलिस्ट कर लिए गए हैं। कांग्रेस विधानसभा चुनाव में बगावत करने वाले उन्हीं नेताओं को पार्टी में वापस लेगी, जो घर के भीतर आकर उथल-पुथल न मचाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे अंतिम चरण में मतदान होना है और पार्टी उसी हिसाब से चुनाव की तैयारी कर रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े इस समिति के अध्यक्ष हैं, जबकि इसमें 16 सदस्यों को शामिल किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बीते साल चार सितंबर को समिति का गठन किया है। समिति का गठन पिछले साल सितंबर महीने में किया गया था। इस समिति में मल्लिकार्जुन खडग़े के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, मधुसूदन मिस्त्री, एन. उत्तम कुमार रेड्डी, टीएस सिंह देओ, केजे जोर्जे, प्रीतम सिंह, मोहम्मद जावेद, यामी याज्ञनिक, पीएल पुनिया, ओंकार मार्कम और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। केंद्रीय चुनाव समिति का मुख्य कार्य राज्यों से शार्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का नाम तय करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *