आईएएस महिला अधिकारी ने मुख्य सचिव के खिलाफ खोला मोर्चा

Spread the love

पंजाब दस्तक: प्रधान सलाहकार निशा सिंह (प्रशासनिक सुधार एवं प्रशिक्षण ) ने मुख्य सचिव आरडी धीमान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निशा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर शिकायत की है। निशा सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री के सलाहकारों ने उन्हें पूरी तरह गुमराह किया है और मेरे पद का मजाक बनाकर रख दिया गया है। प्रशासन द्वारा बेहद कठोर, असंवेदनशील और अयोग्य रवैया अपनाया गया है। यहां से यह साफ जाहिर होता है कि प्रशासनिक ताकत के जरिये बेहद नीच रवैया और दिमाग की कमी को दर्शाया जा रहा है।

उन्होंने कुछ प्वाइंट पर सामने रखे हैं-

-कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन को अधिसूचित नहीं किया गया है।

-कोई प्रशासनिक पदानुक्रम या विभागों का हवाला नहीं दिया गया है जो मुझे रिपोर्ट करेंगे।

-किसी भी प्रकार का कोई संस्थागत समर्थन अधिसूचित नहीं किया गया है।

मुझे आपत्ति है कि एक जूनियर अधिकारी की समझ जिसे मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है मेरी तुलना में बेहद कम है। वे मुझसे जुड़े सरकारी मामलों पर सीएम, मंत्री को सलाह नहीं दे सकते। वह मेरे मामलों में किस आधार पर हस्तक्षेप कर रहे हैं।

ऐसा लगता है कि वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था महिला अधिकारियों और आम महिलाओं के हितों के लिए बिल्कुल भी नहीं है। आईएएस एसोसिएशन का प्रेसीडेंट होने के नाते मेरे पास ऐसी बहुत सी आईएएस और एचएस महिला अधिकरी अपनी समस्याएं लेकर आती हैं जिनके साथ अन्याय हो रहा है। मैंने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भरसक प्रयास किए हैं। यदि महिलाओं के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया और न्याय नहीं है तो महिला अधिकारी और आम महिलाएं कहां जाएं? बाकि फैसला मैं मुख्यमंत्री के विवेक पर छोड़ती हूं।

निशा सिंह ने 14 जुलाई 2022 का जिक्र करते हुए कहा कि मुझसे जूनियर अफसर को मुख्य सचिव के पद पर तैनात कर दिया। इसके पीछे भी सरकार की ओर से कोई ठोस कारण नहीं बताए गए। इसके बावजूद मैं अपनी डयूटी पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ करती रही। इस समय प्रदेश में आम जनमानस स्वयं सहायता समूह, पशुपालन, वानिकी, नशीले पदार्थों का सेवन आदि तमाम बड़ी समस्याओं से जूझ रहा है तब भी मैंने इन सबके समाधान के लिए सकारात्मक रुख अपनाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *