शिमला, सुरेंद्र राणा: भाजपा द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिमला के राम मंदिर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन और पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया, भारद्वाज ने शिमला में योग दिवस पर कोई कार्यक्रम न करने पर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
पूर्व मंत्री और भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत लंबे समय तक गुलामी के दौर में रहा है जहां योग जैसी पुरानी संस्कृति को लगभग भुला दिया गया था । अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को विश्व भर में लोग अपना रहे हैं और आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब विश्व भारत से योग जैसी कई पद्धतियां अपना रहा है जिससे भारत का विश्व गुरु बनने का मार्ग और प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि योग से ना सिर्फ स्वस्थ रहा जा सकता है बल्कि शरीर के विभिन्न रोगों के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाइयों से भी छुटकारा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के दौरान योग को लोगों ने प्राथमिकता दी और इससे लाभ भी लिया आज योग लोगों की आम दिनचर्या में शामिल हो गया है ।
वही सुरेश भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार के द्वारा राजधानी शिमला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोई कार्यक्रम आयोजित ना करने पर सरकार को योग पर राजनीति न करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस पार्टी विशेष का कार्यक्रम नहीं है इस पर राजनीति करना सही नहीं है।
