गूगल मैप को फॉलो करने पर गई जान:GPS ने टूटे पुल पर चढ़ा दिया, 20 फीट नीचे गिरी कार; टेक कंपनी पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना में एक परिवार ने टेक कंपनी गूगल पर लापरवाही बरतने के चलते केस किया है। परिवार के सदस्य फिलिप पैक्सन की पिछले साल गूगल मैप को फॉलो करने के चलते मौत हो गई थी।

पैक्सन GPS की मदद से एक अनजान रास्ते पर जा रहे थे। गूगल मैप ने उन्हें जिस पुल पर भेजा वो टूटा हुआ था। जब तक पैक्सन कुछ समझ पाते उनकी कार पुल से 20 फीट नीचे गिर गई और जान चली गई।

परिवार का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने पुल के टूटे होने की सूचना गूगल मैप पर दी थी। इसके बावजूद कंपनी ने नेविगेशन सिस्टम को अपडेट नहीं किया और ये हादसा हो गया।

9 साल पहले टूट चुका था पुल, 20 फीट नीचे गिरी कार

वेक काउंटी सुपीरियर कोर्ट में मंगलवार को दायर मुकदमे के अनुसार, दो बच्चों के पिता फिलिप पैक्सन एक मेडिकल कंपनी में सेल्समैन थे। पिछले साल 30 सितंबर को वह अपनी बेटी की बर्थडे पार्टी मनाकर घर लौट रहे थे। रास्ता अनजान होने पर उन्होंने गूगल मैप की मदद ली।

नेविगेशन सिस्टम ने उन्हें एक ऐसा रूट सजेस्ट किया जो पुल से होकर गुजरता था और ये पुल 9 साल पहले ही आधा टूट चुका था और उसकी मरम्मत नहीं की गई थी। पैक्सन गाड़ी लेकर पुल पर चढ़ गए और 20 फीट नीचे जाकर गिरे।

टूटे पुल पर नहीं था कोई चेतावनी वाला बोर्ड

एक्सीडेंट के बाद आसपास के कुछ सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पहुंचे। मुकदमे के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस टूटे पुल पर कोई चेतावनी वाली बोर्ड भी नहीं लगा था।

उत्तरी कैरोलिना पुलिस के मुताबिक, पुल का रखरखाव स्थानीय या राज्य अधिकारियों द्वारा नहीं किया गया था और जिस कंपनी ने पुल का निर्माण किया था वह बंद हो चुकी थी। मुकदमे में कई प्राइवेट बिल्डर्स कंपनियों के भी नाम हैं जिनके बारे में दावा किया गया है कि वे पुल और आसपास की भूमि के लिए जिम्मेदार हैं।

गूगल मैप में रूट को अपडेट करने का सजेशन दिया गया था

मुकदमे के अनुसार, कई लोगों ने पैक्सन की मौत से पहले गूगल मैप में रूट को अपडेट करने का सजेशन दिया था। इस केस में एक स्थानीय निवासी के ईमेल रिकॉर्ड शामिल हैं, जिन्होंने कंपनी को सचेत करने के लिए सितंबर 2020 में गूगल मैप में सुझाव देने का ऑप्शन इस्तेमाल किया था।

नवंबर 2020 में गूगल की तरफ से कंफर्मेशन रिपोर्ट भी आई जिसमें कहा गया था कि वह यूजर की तरफ से दिए गए सजेशन को रिव्यू कर रहा है। लेकिन मुकदमे में दावा किया गया है कि गूगल ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *