पंजाब दस्तक: पंजाब की पटियाला जेल में बंद पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को रिहा करने के लिए पहली बार प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मांग उठाई है। वडिंग ने ट्विटर पर ट्वीट करके मुख्यमंत्री भगवंत मान से उनकी जल्दी रिहाई की मांग रखी है। वडिंग ने सिद्धू की रिहाई पर विचार करने के लिए कहा है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने लिखा कि सीएम साहब कांग्रेस के सीनियर लीडर नवजोत सिंह सिद्धू की जल्द रिहाई पर विचार करें। न्याय को पार्टियों के पक्षपात से ऊपर माना जाना चाहिए।
सिद्धू की रिहाई पर संशय बरकरार
दरअसल, नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई पर संशय अभी तक बरकरार है। कैबिनेट की बैठक में नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई को लेकर फाइल पहुंची ही नहीं, लेकिन वहीं दूसरी तरफ जेल सूत्रों के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू का नाम उस लिस्ट में है, जिन्हें रिहा किया जाना है। यह फाइल साइन होने के लिए राज्यपाल के पास पहुंच चुकी है।
यह पहली बार है जब नवजोत सिंह सिद्धू के हक में राजा वडिंग खड़े दिख रहे हैं। 2022 में विधानसभा चुनाव के बाद राजा वडिंग को प्रधान नियुक्त किया गया था, लेकिन सिद्धू उनके उल्ट चलते दिख रहे थे। राजा वडिंग जहां नई प्रदेश कमेटी का गठन कर रहे थे, वहीं सिद्धू कांग्रेसियों से अलग मिल रहे थे। दोनों के बीच तकरार साफ थी।
राहुल गांधी यात्रा में भी उठे थे सवाल
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जब राहुल गांधी पठानकोट रैली कर रहे थे, तब भी कांग्रेसियों ने नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा था। सीनियर कांग्रेसी नेताओं ने मंच से कहा था कि कुछ पैराशूट बनकर कांग्रेस में आए हैं। उन्हें मौका देने से पहले सोचा जाए।
