सरकार बनाने की कवायद तेज, एनडीए विधायक दल की बैठक आज, कैबिनेट का फॉर्मूला भी तय

Spread the love

बिहार: चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना जा सकता है। इसके बाद शपथ ग्रहण की तारीख और मंत्रियों के नाम भी तय किए जाएंगे। माना जा रहा है कि 19 से 22 नवंबर के बीच शपथ ग्रहण का दिन रखा जा सकता है। इस बार नीतीश पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे जो उनका 10वां शपथ होगा। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। इसी क्रम में निर्वाचन आयोग की टीम ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को नवनिर्वाचित 243 विधायकों की पूरी सूची सौंप दी है और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की औपचारिक रूप से घोषणा कर दी है। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल और भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद ने अपनी पूरी टीम के साथ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को यह महत्त्वपूर्ण दस्तावेज सौंपा। इसके साथ ही राज्य में लागू आदर्श आचार संहिता निष्प्रभावी हो गई। नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार का गठन निर्विवाद रूप से होगा, हालांकि मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों की भागीदारी और विभागों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में गहन मंत्रणा चल रही है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार सुबह 11:30 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

बैठक में मंत्रिमंडल भंग करने के फैसले पर मुहर लगेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन जाएंगे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। पटना के गांधी मैदान में ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। पीएम मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में आएंगे। वहीं तेज प्रताप यादव की नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने एनडीए सरकार को नैतिक समर्थन देने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में अमित शाह के साथ हुई बैठक में मंत्रिमंडल गठन का फॉर्मूला तय हो गया। यह भी तय हुआ कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहेंगे, हालांकि भाजपा में उन्हें अपना नेता मानने में शुरुआती हिचकिचाहट थी। मंत्रिमंडल में भाजपा का सबसे बड़ा हिस्सा होने की संभावना है, उसके बाद जदयू का नंबर आता है और छोटे सहयोगियों को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, एनडीए ने मंत्रिमंडल की योजना तय करने के लिए प्रत्येक छह विधायकों पर एक मंत्री के फॉर्मूले का पालन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा को 15 या 16 और जदयू को 14 मंत्री पद मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को तीन मंत्री पद मिलने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *