शिमला, सुरेंद्र राणा: मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू व किन्नौर जिले के ऊपरी क्षेत्र बर्फ से लद गए हैं। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में दो दिनों से हो रही ताजा बर्फबारी को देखते हुए जिले में शैक्षणिक संस्थान दो दिनों तक बंद रहेंगे। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जिले में हो रही भारी बर्फबारी को आशंका को देखते हुए उपमंडल केलांग तथा उदयपुर के सभी शैक्षणिक संस्थानों को 20 और 21 फरवरी को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि कई इलाकों में हिमखंड खिसकने का खतरा बना हुआ है। लिहाजा, जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है। कहा कि लाहौल घाटी में अभी तक एक से दो फुट तक बर्फ गिर चुकी है और बर्फबारी लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक यात्रा न करें।
घाटी में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही सीमा सड़क संगठन के मेजर रवि शंकर ने बताया कि स्तींगरी से तांदी जीरो प्वाइंट तक सड़क बहाल कर दी है।
धुंधी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण सड़क की स्थिति किसी भी प्रकार के वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी आदेशों तक सोलंग बैरियर से अटल टनल रोहतांग की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।
