हमीरपुर; सुरेन्द्र राणा: —राजपूत महासभा के महासचिव जोगिंदर ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुबीर सिंह राणा, होशियार सिंह ठाकुर, महिला विंग की जिला संयोजक वीना पठानिया, लीगल विंग अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश ठाकुर, जिला कार्यकारिणी सदस्य जसवीर ठाकुर, महिंद्र भारद्वाज, परवीन लक्की और सुदेश ठाकुर की तरफ से जारी बयान में प्रदेश सरकार द्वारा पटवारी भर्ती प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों के लिए एक समान शुल्क निर्धारित करने के निर्णय का स्वागत किया गया है।बयान में कहा गया है कि यह फैसला बिना किसी जातीय भेदभाव के लिया गया है, जिससे संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय की भावना को बल मिला है। राजपूत महासभा ने स्पष्ट किया कि वह सरकार के इस निर्णय के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार को किसी भी प्रकार के दबाव में आकर पीछे नहीं हटना चाहिए।
महासभा का कहना है कि यदि किसी को शुल्क को लेकर आपत्ति है तो समाधान के तौर पर सभी वर्गों के लिए फीस में कमी की मांग की जा सकती है या फिर आर्थिक आधार पर शुल्क तय किया जाना चाहिए, न कि जातीय आधार पर।बयान में यह भी कहा गया कि जातीय आधार पर भेदभाव और वैमनस्य न तो देशहित में है और न ही समाजहित में। गरीबी और अमीरी किसी जाति को देखकर नहीं आती।
अनुसूचित जाति और जनजाति वर्गों में भी संपन्न लोग हैं, वहीं सामान्य वर्ग में भी अत्यंत गरीब परिवार मौजूद हैं।सामाजिक न्याय और समानता की भावना को ध्यान में रखते हुए राजपूत महासभा ने सरकार से आग्रह किया है कि भविष्य में सभी सुविधाओं और नीतियों को आर्थिक आधार पर लागू किया जाए, ताकि सर्वसमाज का समान रूप से उत्थान संभव हो सके।
