शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में काफी समय से अच्छी बारिश-बर्फबारी नहीं होने से सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में 1 से 31 जनवरी तक सामान्य से 83 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 85.3 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 14.4 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई। बिलासपुर में सामान्य से 94, चंबा 88, हमीरपुर 94, कांगड़ा 93, किन्नाैर 93, कुल्लू 76, लाहाैल-स्पीति 73, मंडी 85, शिमला 82, सिरमाैर 80, सोलन 93 व ऊना में 95 फीसदी कम बारिश हुई है। कम बारिश-बर्फबारी की वजह से किसान-बागवान सहित पर्यटन कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 जनवरी, 1, 3 व 5 फरवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जबकि निचले पहाड़ी-मैदानी क्षेत्रों में 1 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। 4 फरवरी को राज्य के कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आएगा। 2 व 6 फरवरी को पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। आज राजधानी शिमला में माैसम साफ बना हुआ है।
विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, उसके बाद अगले 2 दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। उसके बाद राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.5, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 4.7, कल्पा -2.0, धर्मशाला 5.0, ऊना 4.7, नाहन 7.6, केलांग -5.1, पालमपुर 5.5, मनाली 4.9, कांगड़ा 7.6, मंडी 5.0, बिलासपुर 4.3, चंबा 5.8, डलहाैजी 5.0, जुब्बड़हट्टी 6.8, कुकुमसेरी -4.9, भरमाैर 2.2, सेऊबाग 4.5, धाैलाकुआं 6.3, बरठीं 3.7, कसाैली 7.7, सराहन 7.4 व ताबो में -7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
