पंजाब, सुरेन्द्र राणा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन शुरू करने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य लोगों को दस लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि हैल्थ कार्ड योजना के लिए रजिस्ट्रेशन मंगलवार से शुरू कर दिए जाएंगे। इसकी शुरुआत तरनतारन और बरनाला जिलों से होगी। प्रत्येक जिले में 128 रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे। पंजीकरण के लिए निवासियों को आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।मुख्यमंत्री मान ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया 10 से 15 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद यह योजना पूरे पंजाब में लागू होगी। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को एक हैल्थ कार्ड दिया जाएगा। इसमें बड़े ऑपरेशन, सर्जरी और गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल होगा। योजना में सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पतालों को शामिल किया जाएगा।
