पंजाब दस्तक
विशेष रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा (पंजाब दस्तक)
शिमला:हिमाचल प्रदेश पेंशनर जॉइंट एक्शन कमेटी (JAC) के एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने आज सचिवालय में माननीय मुख्यमंत्री से विशेष मुलाकात की। यह मुलाकात जॉइंट एक्शन कमेटी के अतिरिक्त महासचिव श्री भूपराम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मुलाकात पूरी तरह से सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में हुई, जिसमें शिष्टमंडल ने पेंशनर हितों में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का विशेष तौर पर धन्यवाद किया।
6 मुख्य मांगें पूरी होने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार
जॉइंट एक्शन कमेटी के अतिरिक्त महासचिव श्री भूपराम वर्मा ने विशेष तौर पर ‘पंजाब दस्तक’ को जानकारी देते हुए बताया कि पेंशनरों के 14 सूत्रीय मांग पत्र में से 6 मुख्य मांगों को सरकार द्वारा पूरा कर दिया गया है। इसके लिए पूरे शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और सरकार के इस कल्याणकारी कदम की सराहना की।
40% एरियर और JCC बैठक को लेकर सौंपा मांग पत्र
आभार जताने के साथ ही शिष्टमंडल ने पेंशनरों की शेष लंबित मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष बेहद आदरपूर्वक और मजबूती से रखा:
40% एरियर का भुगतान: 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) हुए पेंशनरों को उनके 40% एरियर का भुगतान 31 जुलाई 2026 तक या उससे पहले करने का आग्रह किया गया।
JCC की बैठक: पेंशनरों के अन्य लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए जल्द से जल्द जॉइंट कंसल्टेटिव कमेटी (JCC) की बैठक बुलाने का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
पेंशनर नेताओं की बातों को मुख्यमंत्री ने बेहद ध्यानपूर्वक और आत्मीयता से सुना। उन्होंने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के कल्याण के लिए पूरी तरह गंभीर है। इस दिशा में मुस्तैदी से काम चल रहा है और बहुत जल्द ही बाकी विषयों पर भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
मुलाकात में यह पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान जॉइंट एक्शन कमेटी के मुख्य सलाहकार श्री बुद्धिराम जश्टा (Budhi Ram Justa), राज्य मीडिया प्रभारी श्री सेनराम नेगी और शिमला जिला संयोजक एवं राज्य सलाहकार श्री मोहन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों और प्रदेश की हर बड़ी व सटीक जानकारी सबसे पहले पाने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को तुरंत लाइक, फॉलो और सब्सक्राइब करें।
