सुरेंद्र राणा, विशेष संवाददाता, मोहाली
मोहाली के वार्ड नंबर 41 की मूलभूत समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी की पार्षद गुरप्रीत कौर उभा ने नगर निगम हाउस की बैठक में बेहद कड़कदार और आक्रामक अंदाज में आवाज बुलंद की। बैठक के दौरान पार्षद उभा का यह रूप सबका ध्यान आकर्षित करने वाला था, जब उन्होंने अपने वार्ड की बदहाली को उजागर करने के लिए सदन के भीतर हाथों में पोस्टर उठा लिए और सदन के बीच खड़ी हो गईं।
पार्षद गुरप्रीत कौर उभा ने मेयर सरबजीत सिंह समाना और नगर निगम प्रशासन के सामने पोस्टर लहराते हुए गांव संभालकी, नानू माजरा और सेक्टर 88 की वास्तविक स्थिति को रखा। उन्होंने मौके की तस्वीरें और समाचार पत्रों की कतरनें दिखाते हुए कहा कि ये पोस्टर मोहाली के विकास के खोखले दावों की सच्चाई बयां कर रहे हैं।
उन्होंने रोष व्यक्त किया कि बार-बार लिखित शिकायतें देने और अधिकारियों के साथ बैठकें करने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण वार्ड के लोग आज भी गंदगी, सीवरेज, टूटी सड़कों और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से परेशान हैं।
इसके साथ ही उन्होंने शहर के सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को तुरंत समाप्त कराने और उनकी जायज मांगों को तत्काल स्वीकार करने की पुरजोर मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वार्ड नंबर 41 की प्रत्येक समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो जाता, वह जनता के अधिकारों के लिए हर मंच पर इसी तरह पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेंगी।
ताजातरीन खबरों को देखने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ चैनल को फॉलो और सब्सक्राइब करें। हर बड़ी अपडेट जानने के लिए पंजाब दस्तक के फेसबुक पेज और व्हाट्सएप चैनल से जरूर जुड़ें।
