सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक, चंडीगढ़)
चंडीगढ़। पंजाब और उत्तर भारत में सिख समाज के साथ संवाद मजबूत करने और 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों की आवाज बुलंद करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। पार्टी द्वारा 4 नवंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-24 स्थित होटल पार्कव्यू में ‘ज़ख्म 84 दे’ विषय पर एक भव्य एकदिवसीय सिख सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
संवाद और 1984 के पीड़ितों के न्याय पर जोर:
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिख समाज, धर्मगुरुओं, प्रबुद्ध जनों और 1984 दंगा पीड़ित परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। सम्मेलन के दौरान 1984 के दंगों के सच, पीड़ितों के संघर्ष, कानूनी लड़ाई और कांग्रेस शासन काल के दौरान हुई अनदेखी के खिलाफ भाजपा सरकार द्वारा किए गए पुनर्वास और न्याय के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दिग्गज नेता और कानूनी विशेषज्ञ होंगे शामिल:
होटल पार्कव्यू में आयोजित हो रहे इस सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फूलका, पूर्व जस्टिस एस.एन. ढींगरा और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत कर रही हैं।
पाठकों से विशेष अपील:
हिमाचल और देश-विदेश की हर छोटी-बड़ी खबर को निष्पक्षता से और सबसे पहले पाने के लिए हमारे पेज को लाइक, शेयर और फॉलो करें। ताज़ा समाचार और वीडियो अपडेट्स के लिए यूट्यूब (YouTube) पर देखते रहें— ‘पंजाब दस्तक’!
