पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा, कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार पर सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब से संबंधित 2015 की बेअदबी की घटनाओं के मामले में लीपापोती की कोशिश करने का आरोप लगाया.
वडिंग का यह बयान 2015 की बेअदबी के मामलों पर पंजाब पुलिस की अंतिम रिपोर्ट में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा पर दोष मढ़ने के एक दिन बाद आया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) की 467 पन्नों की रिपोर्ट चमकौर सिंह और मेजर सिंह पंडोरी समेत सिख नेताओं को सौंपी थी.
एसआईटी की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए वडिंग ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बेअदबी के मामलों में लीपापोती की कोशिश कर रही है.
कांग्रेस नेता ने कहा, “रिपोर्ट को धार्मिक नेताओं को सौंपना किसी भी पवित्रता या सत्यता को प्रमाणित नहीं करता है. तथ्य यह है कि आप इस मामले को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी वजह आपको पता है.”
