पंजाब दस्तक, सुरेन्द्र राणा; संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव का मैदान गर्मा गया है। आम आदमी पार्टी ने यहां से गुरमेल सिंह और अकाली दल ने जेल में बंद बलवंत राजोआणा की बहन कमलजीत कौर के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने यहां से बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लो को टिकट दे दी है। ढिल्लो कल ही गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे।
वहीं कांग्रेस ने अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। कांग्रेस यहां से भगवंत मान से विधानसभा चुनाव हारे दलवीर गोल्डी पर दांव खेल सकती है। अभी तक संगरूर सीट से 3 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। जिसमें AAP के गुरमेल सिंह, शिअद अमृतसर के सिमरनजीत मान और आजाद अजय कुमार शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी कैंडिडेट गुरमेल सिंह ने कल नामांकन भरा। उनके साथ सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। मान यहां से लगातार 2 बार चुनाव जीत सांसद बने।
आम आदमी पार्टी ने संगरूर सीट से जिला प्रधान गुरमेल सिंह को टिकट दी है। उन्होंने कल सीएम भगवंत मान के साथ नामांकन भी भर दिया है। हालांकि यहां से मान की बहन मनप्रीत कौर को टिकट की मांग हो रही थी। पार्टी ने वालंटियर पर भरोसा जताया। गुरमेल सिंह संगरूर के गांव घराचों से सरपंच भी हैं।
अकाली दल ने जेल में बंद बलवंत सिंह राजोआणा की बहन कमलजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है। अकाली दल यहां पंथक कार्ड खेल रहा है। इसे बंदी सिखों से जोड़कर कमलजीत कौर को टिकट दी गई है। राजोआणा जेल में पूर्व सीएम बेअंत सिंह की हत्या में कैद काट रहे हैं। वह कल नामांकन भरेंगी।
