सुरेंद्र राणा | ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
धर्मशाला, तपोवन (विधानसभा परिसर)
कड़कड़ाती ठंड में सुबह 4 से रात 11 बजे तक लगभग 2500 से 3000 लोगों का पेट भरने वाले कर्मचारियों की सुध लेने वाला कोई नहीं; सोए पड़े GAD, विधानसभा प्रशासन और PWD सब-डिवीजन
”अन्न भगवान है” — थाली में उतना ही लें जितना खा सकें
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज अंतिम दिन है। सत्ता के इस सबसे बड़े केंद्र में आज समापन के अवसर पर हिमाचल पर्यटन विकास निगम (HPTDC) की ओर से शाही और पारंपरिक ‘कांगड़ी धाम’ तैयार की जा रही है।
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर), तमाम विधायकगण (MLA), प्रदेश के मुख्य सचिव व विभिन्न विभागों के सेक्रेटरी (सचिव), सचिवालय (सेक्रेटेरिएट) और निदेशालय (डायरेक्टरेट) से आए विभिन्न विभागों के अध्यक्ष (हेड ऑफ डिपार्टमेंट), प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों से अपनी ड्यूटी पर आए सभी विभागों के तमाम कर्मचारी व अधिकारी, क्लास-फोर से लेकर राजपत्रित अधिकारी (गजटेड ऑफिसर), पुलिस जवान, पीएसओ, चालक और पत्रकार बंधु—यानी सभी विभागों के हजारों लोग आज कांगड़ी धाम का स्वाद चखेंगे।
परिसर में सभी वर्गों के लिए भोजन की अलग-अलग व्यवस्था की गई है—जहां विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए अलग शाही पंडाल व व्यवस्था होती है, वहीं विभिन्न विभागों से आए सैकड़ों कर्मचारी, पुलिस जवान और अन्य लोग अपनी बारी के इंतजार में लंबी-लंबी लाइनों में लगकर इस पारंपरिक धाम का आनंद लेते हैं।
लेकिन… क्या किसी ने यह सोचा है कि इस शाही धाम को तैयार करने वाले हाथ किस हाल में हैं? तपोवन की चकाचौंध के पीछे एक ऐसा कड़वा और चौंकाने वाला सच छिपा है, जो पूरे सिस्टम की संवेदनहीनता पर बड़े सवाल खड़े करता है!
सुबह 4 से रात 11 बजे तक की कड़ी मेहनत, पर बुनियादी सुविधाओं का नामोनिशान नहीं!
विधानसभा सत्र के छह-सात दिनों के दौरान पर्यटन विभाग के लगभग 25 से 30 किचन कर्मचारी दिन-रात यहीं रहकर पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। क्लास-फोर कर्मचारी से लेकर सभी विभागों के कर्मचारियों, गजटेड ऑफिसर, विभाग अध्यक्ष, सेक्रेटरी, विधायक और मुख्यमंत्री तक—प्रतिदिन लगभग 2,500 से 3,000 लोगों का भोजन यही टीम तैयार कर रही है। ये कर्मचारी सुबह 4:00 बजे कड़कड़ाती ठंड में उठकर काम में जुट जाते हैं और रात 11:00 बजे तक यहीं भट्ठियों के आगे डटे रहते हैं।
हैरानी और शर्म की बात यह है कि पूरे सत्ता के गलियारे का पेट भरने वाले इन 25-30 किचन कर्मचारियों के पास खुद के लिए बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं:
नहाने की जगह नहीं: इस कंपकंपाती ठंड में दिन-रात पसीना बहाने वाले कर्मचारियों के नहाने के लिए एक अदद बाथरूम तक नहीं है।
वाशरूम का अभाव: पूरे परिसर में इन कर्मचारियों के लिए शौचालय (वाशरूम) का कोई प्रबंध नहीं है। आखिर ये कर्मचारी कहां जाएं?
गंदगी और जलभराव: रसोई के आसपास साफ-सफाई और गंदे पानी की निकासी के लिए नालियां तक नहीं बनी हैं, जिससे कर्मचारियों को भारी नारकीय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ठहरने का संकट: रात के समय इन कर्मचारियों के सिर छिपाने और आराम करने के लिए कोई उचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
स्वस्थ रहेंगे कर्मचारी, तभी मिलेगा स्वस्थ भोजन
विधानसभा परिसर में करोड़ों के निर्माण कार्य होते हैं और यहां पर्याप्त खाली जगह भी उपलब्ध है, इसके बावजूद आज तक किचन कर्मचारियों के लिए स्थाई ढांचा तैयार नहीं किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD), विधानसभा प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) का जो भी सब-डिवीजन विधानसभा परिसर के कार्यों को देखता है—इन सभी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। परिसर में उपलब्ध जगह पर इन 25-30 कर्मचारियों के लिए तुरंत पक्का बाथरूम, वाशरूम और नालियों का निर्माण होना चाहिए, ताकि इन्हें यह चिंता न रहे कि कहां नहाना है और कहां वाशरूम जाना है। जब ये कर्मचारी स्वच्छ और स्वस्थ रहेंगे, तभी वे पूरे परिसर को स्वस्थ और स्वच्छ भोजन खिला पाएंगे।
”अन्न भगवान है” — थाली में उतना ही लें जितना खा सकें
सत्र के दौरान एक और बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील पहलू सामने आया है। कल ‘पंजाब दस्तक’ की ग्राउंड रिपोर्टिंग में यह देखा गया कि यहां बड़े पैमाने पर खाना बर्बाद (वेस्ट) भी हो रहा है।
अन्न भगवान का रूप है, जिसके लिए किसान और ये कर्मचारी दिन-रात इतनी मेहनत करते हैं। प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए सभी विभागों के कर्मचारियों, सचिवालय व निदेशालय के अधिकारियों, सेक्रेटरी, विभागाध्यक्षों, क्लास-फोर से लेकर गजटेड ऑफिसर्स, पुलिस जवानों, पत्रकारों, विधायकों और अन्य सभी आगंतुकों से विनम्र अपील है कि थाली में उतना ही खाना लें जितना वे खा सकें, ताकि अन्न का अपमान और बर्बादी न हो।
पंजाब दस्तक के तीखे सवाल — जवाब दे प्रशासन!
1. सवाल: विधानसभा परिसर में पर्याप्त जगह होने के बावजूद GAD, विधानसभा प्रशासन और संबंधित PWD सब-डिवीजन द्वारा दिन-रात यहीं रहने वाले 25-30 किचन कर्मचारियों के लिए बाथरूम और वाशरूम क्यों नहीं बनाए जा रहे?
2. सवाल: सुबह 4 बजे से रात 11 बजे तक लगभग 2500 से 3000 लोगों का खाना बनाने वाले ये कर्मचारी आखिर नहाने और शौच के लिए कहां जाएं? क्या यही है कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता?
3. सवाल: क्या आज सत्र के अंतिम दिन के बाद संबंधित विभाग इन कर्मचारियों की इस जायज मांग की सुध लेंगे, या अगले साल भी इन्हें यही चिंता और जलालत झेलनी पड़ेगी?
4. सवाल: हम सब ‘अन्न को भगवान’ मानते हैं, फिर थाली में जरूरत से ज्यादा खाना लेकर उसे कूड़ेदान में फेंकना कहां तक उचित है?
आपकी हर बात को जनता, शासन और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए देखते रहें — ‘पंजाब दस्तक’।
— सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ (पंजाब दस्तक)
