सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
मोहाली। मोहाली के नियोजित विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं शहर की राजनीति में एक बेदाग सरदार चेहरे के रूप में पहचाने जाने वाले हरदेव सिंह उब्बा ने प्रदेश की भगवंत मान सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उब्बा ने कहा कि मोहाली वासियों को मूलभूत सुविधाएं देने में मान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है, लेकिन अब केंद्र सरकार के सहयोग से मोहाली में जल्द ही सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी ने विश्वास जताया और मोहाली की जनता का स्नेह व आशीर्वाद मिला, तो वे एक विधायक के असली धर्म और फर्ज को निभाते हुए तन-मन-धन से काम करेंगे और मोहाली को प्रदेश का नंबर-वन ‘आदर्श विधानसभा क्षेत्र’ बनाएंगे।
जनसेवा के प्रति समर्पित हरदेव सिंह उब्बा अपनी धर्मपत्नी एवं नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 41 की पार्षद श्रीमती गुरप्रीत कौर उब्बा के साथ मिलकर शहर के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करवाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उब्बा ने बताया कि मोहाली में सिटी बस सेवा शुरू करवाने सहित शहर की विभिन्न बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यालय के साथ निरंतर पत्राचार किया गया है, ताकि मोहाली वासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उब्बा ने आगे बताया कि इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), वित्त विभाग और स्थानीय निकाय विभाग के साथ भी लगातार पत्राचार कर मोहाली के विभिन्न सेक्टरों और गांवों की समस्याओं को सरकार के ध्यान में लाया गया है। इसी संघर्ष के परिणामस्वरूप पंजाब सरकार के वित्त विभाग द्वारा पत्र संख्या 1548502 जारी किया गया है। इस पत्र के माध्यम से संबंधित विभागों को मोहाली के विभिन्न सेक्टरों में स्वच्छ नहरी पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध करवाने, सेक्टर 80-81 स्थित भारत सरकार के प्रमुख विज्ञान संस्थान आईआईएसईआर (IISER) और मौली बैदवान के पास बन रहे पुल—जो सीधा एयरपोर्ट रोड को जोड़ेगा और पिछले 10 वर्षों से अधर में लटका हुआ है—उसका निर्माण कार्य जल्द पूरा करने, शहर में सार्वजनिक शौचालयों (पब्लिक टॉयलेट्स) की कमी दूर कर नए शौचालय बनाने, अवैध कब्जे हटाने तथा विकास कार्यों के लिए आवश्यक फंड जारी करने संबंधी समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
मोहाली की वर्तमान बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि आज शहर की सड़कों का बेहद बुरा हाल है, स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। मोहाली के निवासी लंबे समय से स्वच्छ पेयजल, बेहतर सार्वजनिक परिवहन, सड़कों, सीवरेज और सैनिटेशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है।
आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए हरदेव सिंह उब्बा ने कहा कि दो महीने बाद पंजाब विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं और मोहाली के विकास को लेकर उनके मन में कई बड़ी योजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यदि भगवान के आशीर्वाद, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व के विश्वास और मोहाली की जनता के बहुमूल्य प्यार से मुझे विधानसभा में जाने का मौका मिला, तो मैं एक विधायक के रूप में अपना धर्म और फर्ज पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। 10 वर्षों से अधर में लटके सेक्टर 80-81 स्थित मौली के इस महत्वपूर्ण पुल को पूरा करवाकर एयरपोर्ट रोड की कनेक्टिविटी बहाल करना, पानी की समस्या का स्थायी समाधान करना, मोहाली को पूरी तरह नशामुक्त बनाना, खस्ताहाल सड़कों का कायाकल्प करना और बिजली बचाने व शहर को जगमगाने के लिए पीएम सूर्य घर योजना व सोलर स्ट्रीट लाइटों का जाल बिछाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
जनता से अपील
अंत में मोहाली वासियों से अपील करते हुए हरदेव सिंह उब्बा ने कहा कि हमारा उद्देश्य सत्ता की राजनीति करना नहीं, बल्कि मोहाली के प्रत्येक नागरिक को उसका बनता अधिकार दिलाना है। मैं मोहाली की जनता से अपील करता हूं कि अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य, नशामुक्त समाज और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए हमारा साथ दें। चाहे नहरी पानी की आपूर्ति हो, सिटी बस सेवा, सार्वजनिक शौचालय, स्ट्रीट लाइटें, साफ-सफाई, टूटी सड़कें या एयरपोर्ट रोड को जोड़ने वाला मौली का अधूरा पुल—हम हर मुद्दे को संबंधित सरकार और विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे। मोहाली के लोगों को उनकी बनती बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए हम चुप बैठने वाले नहीं हैं और यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज।
