सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
मोहाली: आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच मोहाली की जमीनी हकीकत और आम मतदाताओं का मिजाज जानने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ के ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा और उनकी विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग टीम ने मोहाली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गांवों और मोहल्लों का तूफानी दौरा किया। ‘पंजाब दस्तक’ के लोकप्रिय अभियान “क्या कहती है पंजाब की जनता” के तहत टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर आम नागरिकों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया, जहां लोगों ने एक ओर शहर की लटकी हुई परियोजनाओं और बुनियादी समस्याओं पर अपनी नाराजगी जाहिर की, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर काम करने वाले जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी खुलकर अपनी राय रखी।
वार्ड-वार्ड घूमकर जानी जनता की समस्याएं और अपेक्षाएं
दौरे के दौरान ‘पंजाब दस्तक’ की टीम ने मोहाली के विभिन्न वार्डों की जमीनी हकीकत को करीब से परखा। स्थानीय लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं:
कूड़े के ढेर और खस्ताहाल सड़कें: शहर में कई जगहों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं और सड़कों की खस्ता हालत से आम लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा नशे की समस्या, चोरियों की घटनाओं और पार्कों की बदहाल स्थिति को लेकर भी लोगों में रोष देखने को मिला।
महज 200 मीटर के पेंच में अटका मौली पुल: 40 से 50 हजार लोगों को मिलेगा सीधा एयरपोर्ट रोड का लाभ
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान सेक्टर-80 के पास मौली स्थित पुल का मुद्दा सबसे प्रमुखता से गरमाया रहा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह पुल पिछले करीब 10 वर्षों से अधर में लटका हुआ है और दो बार टूटने व अटकने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि महज 200 मीटर के इस पेंच के सुलझते ही 40 से 50 हजार लोगों को सीधा एयरपोर्ट रोड से जुड़ने की बड़ी सुविधा मिल जाएगी, जिससे रोजाना लगने वाले जाम और लंबे चक्करों से राहत मिलेगी।
सुगड़ गांव में बरसाती पानी की समस्या का समाधान: 200 मीटर की रुकी हुई भूमिगत पाइपलाइन अब जल्द जुड़ेगी
बातचीत के दौरान स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुगड़ गांव में बरसाती पानी की निकासी को लेकर पिछले कई वर्षों से गंभीर समस्या बनी हुई थी। लोगों के अनुसार, आगे और पीछे से पानी की निकासी हो रही थी और यह पानी रेलवे लाइन क्रॉस करके भी जा रहा था, लेकिन बीच में करीब 200 मीटर के जमीनी झगड़े के कारण पहले से बिछी हुई पाइपलाइन आपस में जुड़ नहीं पा रही थी और पानी वहीं रुक रहा था। इस वजह से वहां सड़क की हालत बेहद खराब हो गई थी और चारों तरफ गंदा पानी व बदबू फैलने से लोगों का जीना मुहाल था।
ग्रामीणों के मुताबिक, हरदेव सिंह उभा ने वेव एस्टेट की आरडब्ल्यूए (RWA) और सुगड़ गांव के निवासियों के साथ मिलकर बैठकें कीं और इस मुद्दे को गमाडा (GMADA) अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया। उनके प्रयासों से अब गमाडा ने इस समस्या को हल करने की मंजूरी दे दी है और जमीन संबंधी जिनका भी बकाया पैसा था, उसका पूरा भुगतान भी कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अब कुछ ही दिनों में इस 200 मीटर के हिस्से में अंदर से पाइपलाइन जोड़ने का काम शुरू होने वाला है, जिससे सुगड़ गांव और आसपास के क्षेत्रों को जलभराव व बदबू से बड़ी राहत मिलेगी।
वार्ड नंबर-41 में विकास कार्य और सेक्टर-81 इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर दौड़ने लगे वाहन
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान वार्ड नंबर-41 के निवासियों ने अपनी पार्षद गुरप्रीत कौर उभा और हरदेव सिंह उभा के कार्यों की भी चर्चा की। स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड नंबर-41 में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने से लेकर वेव एस्टेट व आसपास के इलाकों में मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग करवाने तक, पार्षद स्वयं सड़कों पर उतरकर काम कर रही हैं। इसके अलावा, वेव एस्टेट व आसपास की पानी की समस्या को भी उभा द्वारा प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा है।
साथ ही, स्थानीय निवासियों ने बताया कि सेक्टर-81 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया (काशी क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क) का निर्माण भी कई वर्षों से जमीनी विवादों के कारण रुका हुआ था, जिससे वहां कोई काम नहीं हो पा रहा था। लोगों के अनुसार, हरदेव सिंह उभा और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गांव वालों के साथ मिलकर जमीनी झगड़ों को सुलझाया और गमाडा में लगातार पैरवी की, जिसकी बदौलत आज उस सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है और उस पर गाड़ियां सुचारू रूप से दौड़ रही हैं।
हरदेव सिंह उभा की बेबाक प्रतिज्ञा: “सच्चे पातशाह और जनता का आशीर्वाद मिला, तो तन, मन, धन से विधानसभा में उठाऊंगा हर जन-मुद्दा”
‘पंजाब दस्तक’ से विशेष बातचीत के दौरान भाजपा नेता हरदेव सिंह उभा के 27 वर्षों के लंबे राजनीतिक सफर, जनसेवा और उनकी कार्यकुशलता की हर तरफ सराहना देखने को मिली। उभा ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ कहा कि, “सच्चे पातशाह, गुरु महाराज की असीम कृपा और जनता के आशीर्वाद से, यदि पार्टी का समर्थन और टिकट मिला, तो चाहे वह मौली पुल का रुका हुआ काम हो, युवाओं को खोखला कर रहा नशा हो, या वेव एस्टेट और क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या हो—सच्चे पातशाह सब ठीक करेंगे, और मैं इन सभी जन-मुद्दों को विधानसभा में पूरी ईमानदारी के साथ तन, मन और धन से उठाऊंगा। वेव एस्टेट में पानी की इस समस्या का जितना जल्द हो सके, स्थायी समाधान करवाकर रहूँगा और मोहाली की राजनीति में एक स्वच्छ कार्यशैली पेश करूँगा।”
जनता की राय और टिकट पर ‘पंजाब दस्तक’ का स्टैंड
‘पंजाब दस्तक’ के इस विशेष कार्यक्रम के दौरान जहां कई निवासियों ने वर्तमान नगर निगम नेतृत्व और अन्य वार्डों की स्थिति को लेकर नाराजगी व्यक्त की, वहीं वार्ड नंबर-41 में हुए विकास कार्यों तथा हरदेव सिंह उभा की सहज उपलब्धता और सामाजिक-धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की सराहना भी देखने को मिली।
जनता के बीच चर्चा है कि उभा की छवि एक ईमानदार और मिलनसार सरदार चेहरे के रूप में है, और लोग उन्हें काफी पसंद कर रहे हैं। हालांकि, किसे टिकट मिलना है और किसे नहीं, यह पूरी तरह से पार्टी नेतृत्व का आंतरिक फैसला होता है और पार्टी की अपनी नीति व प्रक्रिया होती है—इस पर ‘पंजाब दस्तक’ का कोई दखल नहीं है। ‘पंजाब दस्तक’ किसी भी दल के टिकट वितरण का फैसला नहीं करता, बल्कि हमारा काम सिर्फ ‘सच की आवाज, अब जनता की आवाज’ के रूप में जनता के बीच से छन-छनकर आ रही असली राय को पाठकों तक पहुंचाना है।
15 दिसंबर से पूरे पंजाब में गूंजेगी जनता की आवाज: 117 विधानसभा सीटों पर ‘पंजाब दस्तक’ का महा-अभियान
मोहाली का यह सर्वे तो महज एक शुरुआत और ट्रेलर है! ‘पंजाब दस्तक’ केवल चुनावी हलचल तक सीमित नहीं है, बल्कि हम अपने पोर्टल, वेबसाइट और चैनल के माध्यम से हर दिन लाखों कर्मचारियों के मुद्दों, उनकी हड़तालों, तथा सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट से जुड़े कानूनी मामलों की पल-पल की खबरें भी पूरी प्रमुखता से उठा रहे हैं।
जनता के हर वर्ग की सच्ची आवाज को शासन तक पहुंचाने के लिए आगामी 15 दिसंबर से ‘पंजाब दस्तक’ का महा-अभियान पूरे पंजाब में शुरू होने जा रहा है। हमारी पूरी टीम पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों, हर गांव और हर पंचायत के कोने-कोने तक पहुँचेगी। इस महा-अभियान के तहत हर दिन हमारा विशेष बुलेटिन प्रसारित होगा, जिसमें जनता की राय, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी सहित सभी राजनीतिक दलों की स्थिति, और हर निर्वाचन क्षेत्र का जमीनी सच आप तक पहुँचाया जाएगा।
जुड़े रहिए पंजाब दस्तक के साथ, देखते रहिए हमारा हर नया पेज और हर दिन की खास खबरें।
देखते रहें पंजाब दस्तक — सच की आवाज। यह आपका अपना चैनल है, इसे सब्सक्राइब करें, फॉलो करें और निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें।
