ब्यूरो रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक)
कांगड़ा: कांगड़ा टोल प्लाजा की अवैध और मनमानी वसूली को लेकर सुलग रही चिंगारी अब खुले सियासी संग्राम में बदल गई है। टोल विवाद के समाधान के लिए बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक उस समय अखाड़े में तब्दील हो गई, जब कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की मौजूदगी में ही कांगड़ा के विधायक पवन काजल और मनीष शर्मा आमने-सामने आ गए। बंद कमरे में हुई इस मीटिंग के दौरान दोनों नेताओं के बीच ऐसी तीखी नोक-झोंक हुई कि वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों के भी पसीने छूट गए।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के सामने ही भिड़े दोनों नेता
मिली जानकारी के अनुसार, कांगड़ा टोल प्लाजा से जनता को हो रही भारी परेशानी और टोल वसूली के विरोध को लेकर यह अहम बैठक आयोजित की गई थी। सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज स्वयं इस बैठक में मौजूद थे। मीटिंग के अंदर जैसे ही टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली, नियमों की अनदेखी और स्थानीय लोगों को राहत देने की बात उठी, तो माहौल अचानक गरमा गया।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, विधायक पवन काजल और मनीष शर्मा के बीच अपनी-अपनी बात और जनता के मुद्दे को लेकर तीखी तकरार शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के स्वर इतने ऊंचे और तेवर इतने तल्ख हो गए कि सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की मौजूदगी में ही दोनों के बीच जमकर नोक-झोंक होने लगी। मीटिंग के अंदर का यह हाई-वोल्टेज ड्रामा अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
टूटी सड़कों के बीच जनता की जेब पर ‘टोल का डाका’
गौरतलब है कि कांगड़ा टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय जनता, व्यापारियों और वाहन चालकों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का सीधा आरोप है कि फोरलेन का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जगह-जगह सड़कें खस्ताहाल हैं और धूल के गुबार उड़ रहे हैं, इसके बावजूद टोल कंपनी द्वारा आम जनता की जेब पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है।
जनता के इसी बढ़ते दबाव और आक्रोश का असर इस बैठक में साफ देखने को मिला, जहां नेताओं का सब्र भी जवाब दे गया। अब पूरे कांगड़ा के सियासी गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के सामने हुई इस तीखी तकरार के बाद क्या टोल कंपनी की मनमानी पर लगाम लगेगी, या फिर जनता यूं ही पिसती रहेगी।
कांगड़ा और पूरे हिमाचल की हर बड़ी, बेबाक और सियासी खबर सबसे पहले देखने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को सब्सक्राइब करें, फॉलो करें और देखते रहें— ‘पंजाब दस्तक: सच की आवाज़’!
