वरिष्ठ पत्रकार: मीनाक्षी
हमीरपुर: मटौर-शिमला फोरलेन परियोजना के तहत हमीरपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा पेश आया। चील बहाल और मसियाना के बीच हतली खड्ड पर बन रहे लोहे के विशाल निर्माणाधीन पुल (ट्रस ब्रिज) का ढांचा अचानक भरभराकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में मौके पर कार्यरत एक श्रमिक की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जोरदार धमाके के साथ खाई में समाया ढांचा
घटना के वक्त पुल पर करीब आठ मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। अचानक भारी-भरकम लोहे का स्ट्रक्चर असंतुलित होकर भारी निर्माण सामग्री समेत सीधे 100 फीट नीचे खड्ड में गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
पास ही घास काट रहे चश्मदीद देशराज ने हमारे संवाददाता को बताया कि वे घटनास्थल के निकट ही मौजूद थे, तभी कान के पर्दे फाड़ देने वाली आवाज के साथ पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए मलबे की ओर रुख किया और कड़ी मशक्कत कर जख्मी मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई की टीमों ने पहुंचकर मोर्चा संभाला।
दूसरी छोर पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला
हादसे के चलते पुल के दूसरे किनारे पर कुछ लोग फंस गए थे, जिन्हें प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटनास्थल पर पहुंचे हमीरपुर के नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने पंजाब दस्तक को बताया कि राहत अभियान तेजी से चलाया गया। घायलों को तुरंत डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर पहुंचाया गया है, जहां तीन मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य का उपचार जारी है।
NHAI का बयान: पुशिंग मेथड के दौरान मैकेनिकल फेलियर बना वजह
इस बड़े हादसे के कारणों पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के शिमला क्षेत्रीय कार्यालय ने स्थिति स्पष्ट की है। प्राधिकरण के अनुसार, हमीरपुर बाईपास (NH-103) प्रोजेक्ट के तहत ट्रस ब्रिज को लॉन्च करने की प्रक्रिया चल रही थी। ‘पुशिंग मेथड’ (धकेलने की तकनीक) के जरिए जब लॉन्चिंग नोज़ को पियर कैप पर सेट किया जा रहा था, उसी दौरान तकनीकी खराबी (मैकेनिकल फेलियर) आ गई, जिससे पूरा स्ट्रक्चर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि पुल के मूल पिलरों (पियर्स) को कोई क्षति नहीं पहुंची है। प्राधिकरण ने मामले की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
हतली खड्ड पर बन रहा यह पुल 100 मीटर से भी अधिक लंबा है। इतनी बड़ी परियोजना में तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था के स्तर पर आई इस बड़ी चूक को लेकर अब निर्माण कार्य की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए पंजाब दस्तक चैनल को फॉलो करें, शेयर करें और सब्सक्राइब करें। देखते रहें — पंजाब दस्तक।
