मेजर विजय सिंह मनकोटिया की अंतिम विदाई में भाजपा विधायक

अंतिम विदाई में भी नहीं पिघली सियासी बर्फ़: मेजर मनकोटिया की अंत्येष्टि में BJP विधायकों के बीच दिखी तल्खी, अलग-थलग रहे सुधीर शर्मा

Spread the love

​शाहपुर (वरिष्ठ पत्रकार सुशील):
हिमाचल की राजनीति के कद्दावर चेहरे, पूर्व कैबिनेट मंत्री और पांच बार विधायक रहे स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के अंतिम संस्कार के दौरान न केवल सियासी गमगीन माहौल दिखा, बल्कि भाजपा के भीतर की अंदरूनी रार भी खुलकर सामने आ गई। दुख की इस घड़ी में पार्टी के तीन प्रमुख विधायक मौजूद तो रहे, लेकिन उनके बीच की दूरियां और खिंची हुई लकीरें वहां मौजूद हर शख्स की नजरों में आ गईं।


​राजकीय सम्मान पर मतभेद:
पार्टी स्तर पर जारी निर्देशों के बाद धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल और नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का मनकोटिया को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुधीर शर्मा ने मौके पर प्रशासन के समक्ष पुरजोर मांग रखी कि पांच बार के विधायक और पूर्व मंत्री रहे मेजर मनकोटिया का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ होना चाहिए। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। वहीं दूसरी तरफ, कांगड़ा विधायक पवन काजल ने इस मांग को लेकर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी।


​सियासी समीकरण और अंतिम सफर में भी खिंची लकीरें:
स्थानीय राजनीतिक जानकारों की मानें तो मेजर मनकोटिया का राजनीतिक वरदहस्त हमेशा से पूर्व विधायक संजय चौधरी पर रहा, जिसके चलते पवन काजल और मनकोटिया के बीच पहले से ही राजनीतिक फासले रहे हैं। यह दूरी अंतिम संस्कार स्थल पर भी साफ झलकती रही। एक तरफ पवन काजल और रणबीर सिंह निक्का साथ खड़े दिखे, तो वहीं सुधीर शर्मा उनसे पूरी तरह अलग-थलग नजर आए।
​तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को नमन करने के दौरान भी तीनों नेताओं के बीच कोई औपचारिक संवाद तक नहीं दिखा। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि भाजपा की गुटबाजी अब बंद कमरों से निकलकर ऐसे सार्वजनिक और संजीदा पलों में भी खुलकर सतह पर आने लगी है।


​सटीक, निष्पक्ष और बेबाक खबरों के लिए देखते रहें ‘पंजाब दस्तक’। जुड़े रहने के लिए चैनल को फॉलो और सब्सक्राइब जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *