दक्षिण अफ्रीका में CPA सम्मेलन में हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

वैश्विक मंच पर गूंजेगी देवभूमि की आवाज: दक्षिण अफ्रीका में संसदीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे स्पीकर कुलदीप पठानिया, दिव्यांगों की सहभागिता पर रखेंगे विचार

Spread the love

​सुरेंद्र राणा
वरिष्ठ पत्रकार एवं ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक


शिमला: ​हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चार दिवसीय प्रवास पर दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुके हैं। वे वहां केप टाउन शहर में आयोजित हो रहे 69वें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अहम सदस्य के रूप में शिरकत कर रहे हैं।


​इस अंतरराष्ट्रीय महाधिवेशन में स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ‘सुलभ संसद: विधायी प्रक्रियाओं में दिव्यांगजनों की भागीदारी’ विषय पर अपना संबोधन प्रस्तुत करेंगे और भारतीय लोकतंत्र की समावेशी व्यवस्था पर अपने विचार साझा करेंगे। इस महत्वपूर्ण वैश्विक सम्मेलन में लोकसभा के अध्यक्ष व सीपीए इंडिया के प्रमुख ओम बिरला भी भारतीय दल का नेतृत्व करते हुए केप टाउन में मौजूद हैं।


​विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, जो इस आधिकारिक दौरे पर विधानसभा अध्यक्ष के साथ मौजूद हैं, ने ‘पंजाब दस्तक’ से विशेष बातचीत में बताया कि केप टाउन में 69वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन सोमवार से शुरू हो चुका है और यह 17 सितंबर तक जारी रहेगा।
​यशपाल शर्मा के अनुसार, स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया 14 से 17 सितंबर तक केप टाउन में रहकर सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में विचार-विमर्श करेंगे। वैश्विक स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन में कई राष्ट्रों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं, जहां भारतीय लोकतंत्र में समाज के हर वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने की नीति पर हिमाचल के विधानसभा अध्यक्ष अपना व्याख्यान देंगे।


​ऐसी खबरें देखने के लिए पंजाब दस्तक के फेसबुक पेज को लाइक और शेयर करें।
देखते रहें पंजाब दस्तक— सच की आवाज़, आपकी आवाज़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *