शिमला
रिपोर्ट: प्रियंका, पंजाब दस्तक
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। शिमला शहर के टालैंड–खलिनी मार्ग पर सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) कॉलोनी के पास एक टैंकर और ऑल्टो कार (HP 52) के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पुलिस विभाग के दो जांबाज जवानों की असमय मौत हो गई है।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायल जवानों को उपचार के लिए आईजीएमसी (IGMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस लाइन कैथू में थे तैनात
हादसे में जान गंवाने वाले जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता और कांस्टेबल हेमंत कुमार के रूप में हुई है। दोनों जवान पुलिस लाइन कैथू में तैनात थे।
हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता: रामपुर के समीप ननखड़ी के निवासी थे और मंडी के धर्मपुर में उनकी ससुराल है।
कांस्टेबल हेमंत कुमार: शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के रहने वाले थे।
इस दुखद घटना से पुलिस महकमे और मृतकों के पैतृक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। पंजाब दस्तक परिवार इस कठिन समय में दिवंगत जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
ताजा खबरों और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक।

