शिमला पुलिस द्वारा सोगी क्षेत्र में 1.120 किलोग्राम चिट्ठा बरामद करने की कार्रवाई।

पंजाब दस्तक एक्सक्लूसिव: पहाड़ में नशा माफिया पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार, शिमला में टूट गई नशे की अंतरराष्ट्रीय रीढ़

Spread the love


रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक)

शिमला: देवभूमि हिमाचल प्रदेश को नशे के दलदल में धकेलने वाले अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को शिमला पुलिस ने एक ऐसा करारा झटका दिया है, जिसकी गूंज पूरे उत्तर भारत में सुनाई दे रही है। पुलिस की स्पेशल सेल ने वर्ष 2026 की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए 1 किलो 120 ग्राम हाई-ग्रेड चिट्ठा (हीरोइन) की खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त खेप की कीमत 6 करोड़ रुपये से भी अधिक आंकी गई है। हर बीतते दिन के साथ यह सवाल गहरा रहा था कि आखिर देवभूमि की वादियों में यह जहर आ कहां से रहा है और इतनी बड़ी मात्रा में कौन इसे सप्लाई कर रहा है? अब इस सवाल का जवाब शिमला पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक ने दे दिया है।


​सोगी में बिछा जाल, तारा देवी पहुंचने से पहले ही सप्लाई चेन ध्वस्त
​पुलिस की स्पेशल सेल को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा के रास्ते नशे की एक बेहद भारी और कीमती खेप शिमला में दाखिल होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने सोगी क्षेत्र में घेराबंदी कर नाकाबंदी की। जैसी ही संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.120 किलोग्राम चिट्ठा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अंबाला, हरियाणा निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है।


​शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि हरियाणा से लाई गई यह घातक खेप शिमला के तारा देवी क्षेत्र में मौजूद स्थानीय सप्लायरों और संपर्कों तक पहुंचाई जानी थी। लेकिन इससे पहले कि यह जहर शिमला की गलियों और युवाओं की रगों तक पहुंचता, पुलिस ने पूरी सप्लाई चेन को एक झटके में ध्वस्त कर दिया।


​अब निशाने पर बिग फिश, केवल प्यादे नहीं, आकाओं तक पहुंचेगा कानून का शिकंजा
​मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिमला पुलिस अब केवल छोटे तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बार वार सीधे मास्टरमाइंड और फाइनेंशियल नेटवर्क पर हो रहा है। आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, बीते लेनदेन और अंतरराज्यीय संपर्कों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अब पीआईटी एनडीपीएस के तहत नशा तस्करों के पूरे सिंडिकेट, मुख्य सप्लायरों और उन्हें आर्थिक मदद देने वाले वित्तीय तंत्र को जड़ से उखाड़ने में जुट गई है।


​वर्ष 2026 में नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस का महा-रिपोर्ट कार्ड
​वर्ष 2026 में शिमला पुलिस द्वारा चलाया गया ड्रग-फ्री हिमाचल अभियान अब तक के सबसे उग्र और प्रभावी रूप में सामने आया है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक शिमला जिला में 4 किलोग्राम से अधिक चिट्ठा (हीरोइन), 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, 11.6 ग्राम एलएसडी, लगभग 60 ग्राम मेथामफेटामाइन (आइस) और 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधे बरामद या नष्ट किए जा चुके हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।


​ताजा खबरों को देखने के लिए हमारे पंजाब दस्तक चैनल को सब्सक्राइब करें, लाइक करें और शेयर करें। अगर आपके पास कोई ऐसी खबर है तो हमें हमारे व्हाट्सएप नंबर 9418055488 पर शेयर कर सकते हैं। आपकी खबर प्रशासन और सरकार तक पहुंचाई जाएगी। इसे शेयर और फॉलो जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *