वाराणसी से चलकर पहुंची पवित्र कलश यात्रा, अनुराग ठाकुर, डॉ. सिकंदर कुमार और सतपाल सत्ती ने किया भव्य स्वागत
संतोषगढ़ (ऊना) | पंजाब दस्तक
(वरिष्ठ पत्रकार काजल की विशेष रिपोर्ट)
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में देशभर में निकाली जा रही ‘राष्ट्रीय कलश यात्रा’ का रविवार को हिमाचल प्रदेश में ऐतिहासिक और भव्य प्रवेश हुआ। ऊना जिले के संतोषगढ़ स्थित प्रसिद्ध श्री गुरु रविदास मंदिर से यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और श्रद्धा के इस महाआयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की, जिससे पूरा क्षेत्र ‘जय गुरु रविदास’ के जयघोषों से गूंज उठा।

काशी से पहुंची यात्रा, सिर पर पवित्र कलश धारण कर मंदिर में किया स्थापित
यह ‘राष्ट्रीय कलश यात्रा’ 29 जुलाई को संत गुरु रविदास जी की पावन जन्मस्थली वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हुए संतोषगढ़ पहुंची।
यहाँ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, राज्यसभा सांसद व अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सिकंदर कुमार तथा पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सहजल पवित्र कलश लेकर पहुंचे। ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक आतिथ्य के साथ यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक पवित्र मिट्टी के कलश को अपने सिर पर धारण कर शोभायात्रा की अगवानी की। इसके उपरांत गुरु रविदास मंदिर परिसर में कलश को विधिवत स्थापित किया गया, जहाँ श्रद्धालुओं ने दर्शन एवं पूजन किया।
भाजपा संतोषगढ़ शहरी इकाई, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और स्थानीय नागरिकों ने पूरे मार्ग पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।
सामाजिक समरसता का राष्ट्रीय आंदोलन है यह यात्रा: अनुराग ठाकुर
मंदिर परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा:
”संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समान अधिकार और मानव कल्याण का आधार स्तंभ है। यह ‘राष्ट्रीय कलश यात्रा’ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे देश को एकता और समरसता के एक सूत्र में पिरोने वाला जन-आंदोलन है। गुरु जी के विचार आज भी समाज को समानता और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं।”
हिमाचल के हर जिले तक पहुंचेगा गुरु जी का संदेश: डॉ. सिकंदर कुमार
अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि यह पवित्र कलश यात्रा प्रदेश के प्रत्येक जिले तक जाएगी। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संत परंपरा के संवर्धन और सामाजिक समरसता को दिए जा रहे सम्मान का भी विशेष उल्लेख किया।
विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, मानवता और सद्भाव का मार्ग दिखाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन नगर परिषद संतोषगढ़ के उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए गुरु का विशाल अटूट लंगर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ये वरिष्ठ नेता और प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान, प्रदेश महामंत्री अजय कबीर, महिला मोर्चा अध्यक्ष डीजी ठाकुर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, पूर्व विधायक राजेश कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम कुमार मिन्हास, संशय यात्रा हमीरपुर संयोजक समित शर्मा, संत समाज व श्री गुरु रविदास सभा के प्रतिनिधि तथा भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
पंजाब दस्तक अपील:
📲 हर छोटी-बड़ी, ताजा और सटीक खबर के लिए ‘पंजाब दस्तक’ डिजिटल चैनल को तुरंत फॉलो, शेयर और सब्सक्राइब करें।
📩 यदि आपके पास भी क्षेत्र से जुड़ी कोई खबर या सूचना है, तो हमें 9418055488 पर भेज सकते हैं। देखते रहें पंजाब दस्तक!
