धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल

​पंचायती राज व नगर निकाय चुनावों में दिखा सुक्खू सरकार के खिलाफ स्पष्ट जनादेश, 2027 में भाजपा की वापसी तय: डॉ. राजीव बिंदल

Spread the love

पंजाब दस्तक
​विशेष रिपोर्ट: भेषज, धर्मशाला

​हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को धर्मशाला में आयोजित एक तीखी पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश की वर्तमान सुक्खू सरकार पर चौतरफा हमला बोला। डॉ. बिंदल ने दोटूक शब्दों में कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज व नगर निकाय चुनावों के नतीजे प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश हैं। सरकारी मशीनरी और सत्ता के बेजा इस्तेमाल के बावजूद जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है, जिससे साफ है कि कांग्रेस अब कहीं भी खड़ी नहीं रह गई है। इन नतीजों ने साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तस्वीर अभी से साफ कर दी है कि प्रदेश से सुक्खू सरकार की विदाई तय है।


​भाजपा अध्यक्ष ने आंकड़ों के साथ हमला बोलते हुए कहा कि मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत यह थी कि वह कई सीटों पर अपने अधिकृत उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर पाई, ऐसे में अब उनकी ओर से जीत के झूठे दावे करना हास्यास्पद और तथ्यात्मक रूप से गलत है। भाजपा ने पूरी मजबूती के साथ अपने अधिकृत प्रत्याशी मैदान में उतारे थे, और परिणामों ने जमीनी हकीकत को सबके सामने रख दिया है। कांग्रेस ने इन चुनावों में पिछले दरवाजे से कब्जा करने के लिए नियमों तक में हेरफेर किया, लेकिन जनता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।


​प्रदेश की चरमराती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने सीधे मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल में चिट्ठे का काला कारोबार और उसका कारवां बेहद तेजी से पैर पसार रहा है, जो देवभूमि के भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा और गहरी चिंता का विषय बन चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज और दवा के नाम पर सिर्फ कोरी पर्चियां थमाई जा रही हैं। जनहित की लोकप्रिय ‘हिम केयर’ योजना को पूरी तरह ठप कर दिया गया है और गंभीर रूप से जूझ रहे मरीजों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता भी रोक दी गई है।


​डॉ. बिंदल ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा की गई तमाम घोषणाएं और गारंटियां आज सरकार की अलमारी में बंद पड़ी धूल फांक रही हैं। जनता सरकार की इस वादाखिलाफी और लचर कार्यप्रणाली से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है।


​इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, सांसद राजीव भारद्वाज, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक अरुण मेहरा (कुक्का), जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, चंद्रभूषण नाग, प्रवक्ता राकेश शर्मा, संजय शर्मा और प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्वचक्षु सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


​हिमाचल की हर छोटी-बड़ी और सटीक राजनीतिक हलचल को सबसे पहले जानने के लिए पंजाब दस्तक को लाइक, शेयर, फॉलो और सब्सक्राइब करना बिल्कुल न भूलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *