पंजाब दस्तक
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ
* सत्तापक्ष के रसूख के बीच भाजपा ने ढहाया कांग्रेस का किला; सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व सीएम धूमल, राजेंद्र राणा, विधायक आशीष व आई.डी. लखनपाल की जुगलबंदी ने बदला इतिहास, 2027 के विधानसभा चुनाव की रखी मजबूत नींव
हमीरपुर:हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आज एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक उलटफेर देखने को मिला है। सूबे के मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी अचूक कूटनीति और मजबूत संगठनात्मक शक्ति का लोहा मनवाते हुए जिला परिषद पर एकतरफा कब्जा कर लिया है। हमीरपुर जिला परिषद के प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद पर श्रीमती अमिता शर्मा और उपाध्यक्ष पद पर श्री गुरमीत सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। मुख्यमंत्री के अपने ही घर में भाजपा का यह प्रचंड परचम लहराना सत्तासीन कांग्रेस सरकार के लिए एक बहुत बड़ा राजनैतिक झटका माना जा रहा है।

”कांग्रेस कहती थी भाजपा गुटों में बंटी है, पर आज खुद सत्ताधारी दल का किला ढह गया”
अक्सर सत्तापक्ष (कांग्रेस) द्वारा यह तंज कसा जाता था कि भारतीय जनता पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। लेकिन आज हमीरपुर जिला परिषद के इस ऐतिहासिक चुनाव ने कांग्रेस के इन दावों की पूरी तरह हवा निकाल दी है। भाजपा ने एकजुटता की ऐसी मिसाल पेश की कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले में सत्ता का रसूख भी काम नहीं आया और कांग्रेस का अभेद्य किला पूरी तरह ढह गया। इस महाजीत ने साबित कर दिया है कि भाजपा का संगठन पूरी तरह एकजुट, अनुशासित और अजेय है।
दिग्गजों के मार्गदर्शन और विधायकों की जमीनी मेहनत ने रचा इतिहास
हमीरपुर हमेशा से ही भारतीय जनता पार्टी का एक मजबूत गढ़ रहा है, और आज के इस निर्विरोध निर्वाचन ने इस बात पर एक बार फिर पक्की मुहर लगा दी है। इस राजनैतिक पटकथा को अमलीजामा पहनाने में क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल का कुशल मार्गदर्शन सबसे अहम रहा।
इसके साथ ही, भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, हमीरपुर सदर के लोकप्रिय विधायक आशीष शर्मा और बड़सर के विधायक आई.डी. लखनपाल की त्रिशक्ति व जमीनी मेहनत इस चुनाव में पूरी तरह रंग लाई। इन नेताओं ने दिन-रात एक करके सत्तापक्ष की हर चाल को नाकाम कर दिया। श्री नैना देवी जी के विधायक व वरिष्ठ नेता रणधीर शर्मा सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों और हर एक देवतुल्य जमीनी कार्यकर्ता की एकजुटता और अथक परिश्रम का ही नतीजा है कि आज भाजपा ने यह ऐतिहासिक परचम लहराया है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने पूरी कार्यकारिणी और कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए इस जीत का श्रेय उनकी अटूट निष्ठा को दिया है।
शीर्ष नेताओं ने एकजुट होकर दी बधाई, तय की 2027 की दिशा
इस ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने के लिए भाजपा के सभी शीर्ष चेहरे खुद मैदान में उतरे। वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त हुंकार भरते हुए कहा:
”यह सफलता सिर्फ एक स्थानीय निकाय की जीत नहीं है, बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी की कूटनीति, जनता के अटूट विश्वास और हमारे एक-एक कार्यकर्ता की दिन-रात की मेहनत का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा का यह शानदार आगाज पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ा संदेश है और इसने साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की मजबूत नींव रख दी है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत यहीं से हो चुकी है।”
ढोल-नगाड़ों और गुलाल से सराबोर हुआ हमीरपुर
मुख्यमंत्री के गृह जिला में भगवा लहराने की आधिकारिक घोषणा होते ही पूरे हमीरपुर में जश्न का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से पूरा जिला मुख्यालय गूंज उठा। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और जमकर मिठाइयां बांटीं। राजनीतिक गलियारों में इस जीत को बेहद दूरगामी माना जा रहा है, जिसने पूरे हिमाचल में भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
विशेष अपील:
पंजाब दस्तक की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर को सबसे पहले देखने के लिए हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें और फॉलो करें। हिमाचल और देश-दुनिया की पल-पल की सटीक खबरों के लिए देखते रहें—’पंजाब दस्तक’।
