सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ
शिमला: हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकायों और विभिन्न स्तर के चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इन चुनावी परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का ‘अविश्वास प्रस्ताव’ करार दिया है।
जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है
रणधीर शर्मा ने कहा कि इन नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने और विधानसभा चुनाव का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की है। शर्मा ने कहा, “यह केवल एक चुनावी जीत नहीं है, बल्कि कांग्रेस की विफलता और जनता के गुस्से का परिणाम है। स्थिति यह है कि कांग्रेस अब आगामी ‘फाइनल’ (विधानसभा चुनाव) खेलने की स्थिति में भी नहीं बची है।”

नगर निकायों से लेकर पंचायतों तक भाजपा की सुनामी
रणधीर शर्मा ने जीत के विस्तृत आँकड़े साझा करते हुए बताया कि तीन प्रमुख नगर निगमों—मंडी, पालमपुर और धर्मशाला में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। नगर परिषदों में 22 में से 12 और नगर पंचायतों में 25 में से 18 स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जिला परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 250 में से 144 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस मात्र 60 वार्डों तक सिमट कर रह गई। बिलासपुर में तो कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 1769 वार्डों में से 1109 पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस 477 वार्डों तक सिमट गई। पंचायत प्रधान और उप-प्रधान के पदों पर भी 65% से अधिक प्रतिनिधि भाजपा विचारधारा से जुड़े हुए हैं।
झूठी गारंटियों का हुआ पर्दाफाश
भाजपा नेता ने कहा कि यह हार जनता द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ सुनाया गया अविश्वास प्रस्ताव है। जनता कांग्रेस की झूठी गारंटियों, खोखले वादों और घोषणाओं की राजनीति से तंग आ चुकी है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, युवाओं को रोजगार और किसानों को समर्थन मूल्य देने की जो गारंटी दी थी, वे सभी विफल साबित हुई हैं।
बहानेबाजी से हार नहीं छिपा सकती सरकार
रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकार पहले से ही भांप गई थी कि उसे करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव टालने के लिए सरकार ने कभी प्रशासनिक कारणों, कभी रोस्टर तो कभी डिजास्टर का बहाना बनाया।
कांग्रेस पहले अपना घर संभाले
कांग्रेस द्वारा हार के कारणों पर दी जा रही सफाई को खारिज करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता आंतरिक कलह और गुटबाजी को हार का कारण बताकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को जनता के विश्वास की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस पहले अपना घर संभाले, भाजपा को कुतर्क देने की कोई आवश्यकता नहीं है।”
जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी भाजपा
अंत में, रणधीर शर्मा ने प्रदेश की जनता, भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को केंद्र में रखकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
पंजाब दस्तक के सभी दर्शकों से अनुरोध है कि हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें और फेसबुक व यूट्यूब पर फॉलो करें, ताकि आप तक खबरें सबसे पहले पहुँच सकें।
