शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चुनाव परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया है। भाजपा का दावा है कि प्रदेश की 25 में से 18 नगर परिषदों और 22 में से 12 नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के नतीजे कांग्रेस सरकार की नाकामियों के खिलाफ जनता के गुस्से का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने दावा किया कि बिलासपुर, कांगड़ा, महासू, ऊना, सोलन और सुंदरनगर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा की जीत यह दर्शाती है कि जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आर्थिक बदहाली, महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के परिणाम केवल शुरुआत हैं और आगामी 2027 विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रदेश की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए इसे ऐतिहासिक जनादेश करार दिया।
