शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश के चार जिलों के नगर निगम चुनाव में 64 सीटों के लिए रविवार को 63.74 प्रतिशत मतदान हुआ है। इनमें जिला कांगड़ा में 63.72, मंडी में 68.78 और सोलन जिला में 58.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। उल्लेखनीय है कि कांगड़ा जिला में दो नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर है, जबकि अन्य जिलों में नगर निगम मंडी और सोलन शामिल है। रविवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के साथ दंगल में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी ईवीएम में कैद हो गया है। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के तहत कांगड़ा जिला के दो नगर निगमों में मतदाताओं की कुल संख्या 69978 है, इनमें 43315 ने मतदान किया है। इस तरह पर जिला कांगड़ा के दो नगर निगमों में मतदान प्रतिशतता 63.72 दर्ज की है।नगर निगम मंडी के कुल 29244 मतदाताओं में से 20113 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इसी तरह नगर निगम सोलन के कुल 34147 मतदाताओं में से 19914 ने वोट डाले है। आयोग के अनुसार चारों नगर निगमों के 131369 मतदाताओं में से 83342 ने ही वोट डाले है। उधर, इन नगर निगम चुनावों की मतदान प्रक्रिया होने के बाद अब चुनावी दंगल में उतरे प्रत्याशियों को परिणाम के लिए कुछ दिनों का इंतजार करना होगा।
कांग्रेस की तरफ से हरेक नगर निगम में डिप्टी सीएम और मंत्रियों को पर्यवेक्षक के साथ-साथ प्रभारी के तौर पर तैनात किया था। वहीं विधायकों समेत संगठन और विभिन्न निगम बोर्ड के पदाधिकारियों को भी कांग्रेस की तरफ से नगर निगमों में वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियां दी गई थी। वहीं प्रचार अभियान के दौरान हिमाचल कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल और खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मैदान में उतरे थे। वहीं रोड शो और चुनावी सभाएं भी की।31 मई को आएंगे नतीजेभाजपा इन चुनाव में पूरी रणनीति के तहत मैदान में उतरी। वहीं प्रचार अभियान के लिए भाजपा के प्रदेश प्रभारी के अलावा संगठन के बड़े पदाधिकारी फील्ड में रहे। वहीं भाजपा के सांसदों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी लगातार पार्टी की जीत सुनिश्चित बनाने के लिए डटे रहे। बहरहाल अब सबकी निगाहें 31 मई को आने वाले चुनावी नतीजों पर टिक गई है।
