शिमला, सुरेंद्र राणा: नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर तैनात रमेश्वर शर्मा ने मेहली स्थित घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें आईजीएमसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना शिमला पूर्वी पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि आज 8 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना शिमला पूर्वी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया है, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मृतक की पहचान रमेश्वर शर्मा, उम्र करीब 45 साल, पुत्र तुलसी राम, निवासी गांव सीमा, डाकघर रत्नाड़ी, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है। वह हाल में मेहली, शिमला में रह रहे थे और नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रमेश्वर शर्मा दिन के समय कार्यालय गए थे और सामान्य समय से पहले घर लौट आए। घर पर पत्नी ने उन्हें फंदे से लटका पाया। परिजन तुरंत आईजीएमसी शिमला लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों में घटना से शोक की लहर है।
