राजधानी शिमला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हडक़ंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: प्रदेश राजधानी शिमला में सोमवार को शहर के कई स्कूलों सहित नगर निगम कार्यालय और जाखू रोपवे को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हडक़ंप मच गया, ईमेल के जरिए धमकी के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन अभिभावकों को मैसेज भेजा और बच्चों को तुरंत घर ले जाने को कहा। इस मैसेज को देखकर अभिभावकों में हडक़ंप मच गया। परिजन आनन-फानन में स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को वापस ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसएसपी शिमला गौरव ने बताया कि जनरल थ्रेट आई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। यह धमकी शहर के नगर निगम कार्यालय, रोपवे जाखू और चैल्सी, दयानंद, सेंट थॉमस, डीएवी सहित कई स्कूलों को मिली है। धमकी की खबर फैलने के बाद दूसरे स्कूलों के परिजन भी घबरा गए और अपने बच्चों के लिए उनकी चिंताएं बढ़ गई। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनके परिसर में पुलिस ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी को अभियान चलाया, लेकिन बम जैसी कोई भी चीज नहीं मिली। अब शिमला पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर यह धमकी किसने दी। गौर हो कि इससे पहले भी प्रदेश में इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हाल के महीनों में हिमाचल हाईकोर्ट, राज्य सचिवालय, कई जिलों के डीसी कार्यालयों और जिला कोर्ट को भी कई बार बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है।एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शिमला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को ईमेल के माध्यम से बम संबंधी धमकियां प्राप्त होने की सूचना संज्ञान में आई है। अभी तक ये सूचनाएं जनरल तौर पर है किसी विद्यालय विशेष को नहीं है। प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस द्वारा मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित विद्यालय परिसरों में पुलिस टीमों द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है। प्रत्येक स्थल का विधिवत निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है। किसी भी संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाए गए हैं, जिनमें परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन के साथ सतत समन्वय शामिल है। वर्तमान में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है तथा पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें तथा सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *