कांगड़ा, ओमांश: जिला कांगड़ा में थाना बैजनाथ के तहत एक नाबालिग लडक़ी से दुष्कर्म और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला जालंधर से दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर यहां स्थानांतरित किया गया है। आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है, जिसकी धरपक्कड़ के लिए संबंधित पुलिस टीम जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय पीडि़ता, जो मूल रूप से जिला कांगड़ा की निवासी है, वर्तमान में जालंधर के पीजी में रहकर एक संस्थान में एयर होस्टेस का प्रशिक्षण ले रही है। पीडि़ता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि अप्रैल 2026 के दौरान उसके दूर के रिश्तेदार बैजनाथ निवासी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी ने घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
गत शुक्रवार को आरोपी उसके जालंधर स्थित पीजी के बाहर आया और फोन पर दोबारा धमकी देते हुए उसके साथ फिर से दुष्कर्म करने, उसे प्रताडि़त करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की बात कही। घटना से भयभीत होकर पीडि़ता ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और 1098 पर कॉल कर सहायता मांगी। थाना बैजनाथ पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा चार के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
