शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश में माैसम के बिगड़ने के आसार हैं। राज्य के कई भागों में लगातार पांच दिन बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। वहीं कई जिलों में 4 मई को ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रामपुर और आसपास लगते इलाकों में शनिवार शाम के करीब बादल झमाझम बरसे। इस दौरान हवाएं भी चलीं और हल्की ओलावृष्टि हुई। शिमला में भी शाम के अंधड़ चला। नोग वैली और आसपास के सेब बहुल क्षेत्रों में सेब की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। धर्मशाला में भी बारिश दर्ज की गई। लगातार बिगड़ रहे मौसम से बागवानों की चिंता बढ़ी हुई है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में 3 से 7 मई तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। 8 मई को भी कुछ स्थानों पर माैसम खराब रहने के आसार हैं। 4 मई को राज्य के कई जिलों में ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट है। 3 व 5 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 मई को कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट है।
