शिमला, सुरेन्द्र राणा:महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज प्रदेश की राजधानी शिमला में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जन आक्रोश पदयात्रा निकाली गई। शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों सहित सैकड़ों महिलाकार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद की।
इस कार्यक्रम में भाजपा हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल व सांसद सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी पार्टियां महिलाओं को आरक्षण देने की बात करती रही हैं, लेकिन वास्तविक प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 में यह विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में पारित किया गया, लेकिन इसे लंबे समय तक लागू न करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र इसी उद्देश्य से बुलाया गया था कि इस बिल को लागू किया जा सके, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया और उनके तर्क तथ्यहीन थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में ‘दादी की कहानी’ और ‘जादूगर की बातें’ कर इस बिल को रोकने का प्रयास किया।जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एक संवैधानिक संशोधन था, जिसके चलते बिल पारित नहीं हो पाया। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे और भविष्य में इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला में आयोजित जन आक्रोश रैली इस बात का प्रमाण है कि मातृशक्ति अब जागरूक हो चुकी है और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी दी गई थी, लेकिन साढ़े तीन साल बीतने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया, जो महिलाओं का अपमान है। आने वाले पंचायत और विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। कांग्रेस को जनता सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की नारी सड़कों पर उतर चुकी है और जन आक्रोश पदयात्रा के माध्यम से अपने अपमान का जवाब देने के लिए एकजुट हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को उनका हक दिलाया जाएगा और नारी शक्ति अपना हक लेना भी जानती है।
