शिमला में साउथ एशियन टेबल टेनिस यूथ चैंपियनशिप का आगाज़, सीएम ने किया शुभारंभ

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा; हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज साउथ एशियन टेबल टेनिस यूथ चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हो गया। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया।
इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के पांच देश भारत, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश और मालदीव के युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहली बार हिमाचल में हो रहे इस आयोजन से शिमला एक बार अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर उभरकर सामने आया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पहली बार हिमाचल प्रदेश को इस स्तर की साउथ एशियन टेबल टेनिस यूथ चैंपियनशिप की मेजबानी का मौका मिला है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यहां से चयनित खिलाड़ी आगे एशियन स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

वहीं टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के जॉइंट सेक्रेटरी अदिश राणा ने बताया कि यह चार दिवसीय टूर्नामेंट 8 से 11 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें टीम इवेंट, सिंगल्स और डबल्स मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 144 पदक और 80 ट्रॉफियां दांव पर होंगी।
उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश में पहला अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस आयोजन है, जिससे राज्य को वैश्विक पहचान मिलेगी। हालांकि, उन्होंने प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को भी एक चुनौती बताया, लेकिन साथ ही कहा कि यहां के खिलाड़ी शारीरिक रूप से काफी सक्षम हैं। यह एक क्वालीफाइंग इवेंट है, जहां से शीर्ष दो टीमें जून में मस्कट में होने वाली एशियाई प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *