वॉशिंगटन। होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देने के कुछ ही घंटों बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को फिर दावा किया कि तेहरान में एक ‘भीषण हमले’ में ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों को ‘खत्म’ कर दिया गया है। ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह ‘भीषण हमला’ कब किया गया, लेकिन उन्होंने एक वीडियो साझा किया जिसमें किसी स्थान से धुआं उठता दिखाई दे रहा है। यह अभी साफ नहीं है कि वीडियो नया है या पुराना और किस जगह को निशाना बनाया गया है।ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा, “ईरान के कई सैन्य अधिकारी इस भीषण हमले में तेहरान में खत्म कर दिए गए हैं।” अमरीकी राष्ट्रपति का यह दावा उनके उस अल्टीमेटम के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो उन पर भारी कयामत टूटेगी। उन्होंने कहा, “याद रखें जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दस दिन का समय दिया था। अब समय खत्म हो रहा है—48 घंटे बचे हैं, इसके बाद उन पर चौतरफा आफत बरसेगी।”दूसरी ओर, ईरान ने ट्रंप के इस अल्टीमेटम को ‘हताशापूर्ण, घबराहट भरा, असंतुलित और मूर्खतापूर्ण कदम’ बताते हुए खारिज कर दिया है। ईरान के ‘खातम अल-अंबिया’ केंद्रीय मुख्यालय के जनरल अली अब्दुल्लाही अली आबादी ने श्री ट्रंप को चेतावनी दी कि यदि ईरान के बुनियादी ढांचे पर कोई भी अमरीकी या इजरायली हमला हुआ, तो पश्चिमी एशिया में सभी अमेरिकी सैन्य संपत्तियों और इजरायली ठिकानों पर ‘विनाशकारी और निरंतर’ हमले किए जाएंगे।ईरान की समाचार एजेंसी ‘फार्स’ के अनुसार, अली आबदी ने कहा कि लगातार हार स्वीकार करने के बाद अमरीका के आक्रामक और युद्धोन्मादी राष्ट्रपति ने हताशा में आकर ईरान की राष्ट्रीय संपत्तियों को निशाना बनाने की धमकी दी है।
