शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चौदहवीं विधानसभा का 11वां सत्र अपेक्षा के अनुरूप संपन्न हुआ। यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में 3 और द्वितीय चरण में 13 बैठकों का आयोजन किया गया। प्रथम चरण 16 से 18 फरवरी और द्वितीय चरण 18 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया गया। सत्र का आगाज 16 फरवरी को अपराह्न दो बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हुआ। इस सत्र में कुल 16 बैठकों का आयोजन किया गया, जिसकी कार्यवाही लगभग 90 घंटे तक चली। इस तरह सत्र की उत्पादकता 103 प्रतिशत रही।
सत्र के प्रथम दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय भगत राम चौहान के प्रति शोकोद्गार प्रकट कर समूचे सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस सत्र के दौरान कुल 617 प्रश्नों की सूचनाओं पर सरकार की ओर से उत्तर उपलब्ध करवाए गए। पठानिया ने कहा कि इस सत्र में नियम 61 के तहत 4, नियम 62 के तहत 02, नियम 67 के तहत 1, नियम 101 के तहत 1, नियम 130 के तहत 01, नियम 324 के तहत 1 और शून्यकाल के दौरान 94 विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त सरकार की ओर से नियम 102 के तहत 16 अप्रैल 2026 को सदन में राजस्व सहायता अनुदान से संबंधित सरकारी संकल्प भी प्रस्तुत किया गया। सत्र में 31 मार्च, 2026 को एक दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित था। 9 सरकारी विधेयकों को भी सभा में पेश एवं चर्चा के बाद इन्हें पारित किया गया। सदन में समितियों के 60 प्रतिवेदन पेश किए गए। सत्र के दौरान प्रदेश के सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं के 649 बच्चों ने सदन की कार्यवाही को देखा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र के दौरान उनका भरसक प्रयास रहा कि सत्र की कार्यवाही सौहार्दपूर्ण वातावरण में चले।
