शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के नव नियुक्त राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 10 मार्च को पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे। लोकभवन में यह समारोह होगा और इस दौरान हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। वह हिमाचल के 30वें राज्यपाल होंगे। लोकभवन में राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी तैयारियां आरंभ हो गई हैं। हिमाचल के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता सोमवार को राजधानी शिमला पहुंच जाएंगे। उनके स्वागत के लिए सोमवार शाम साढ़े छह बजे लोकभवन में कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा सेना व पुलिस समेत मुख्य सचिव तथा प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे, जबकि भाजपा नेताओं के भी राज्यपाल के स्वागत समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के लिए विदाई समारोह का आयोजन भी किया जा रहा है।
