शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में मार्च महीने में मई जैसी गर्मी का दौर शुरू हो गया है। राज्य के चार जिलों में अधिक गर्मी के कारण लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग शिमला ने सात और आठ मार्च को राज्य के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सोलन जिला में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं नौ और 10 मार्च को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व हल्की बर्फबारी की संभावनाएं व्यक्त की गई हैं। राज्य में 11 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम पूरी तरह से करवट बदल सकता है और ऐसे में 11 से 13 मार्च तक मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और हल्की बर्फबारी की संभावनाएं व्यक्त की गई है।वहीं 11 से 13 मार्च के बीच राज्य के छह जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफतार से तेज हवाओं के चलने और बादलों की गर्जना को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी सहित किन्नौर और लाहुल-स्पीति में तेज हवाओं के चलते और बिजली के कडक़ने का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में बढ़ती गर्ती के बीच बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 5-14 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7, 9 और 10 मार्च को राज्य के ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 11 से 13 मार्च तक राज्य के उच्च पर्वतीय और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। आठ मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।शहरें में अधिकतम तापमानशिमला 23.6, सुंदरनगर 30.7, भुंतर 30.9, कल्पा 22.1, धर्मशाला 30.0, ऊना 33.8, नाहन 27.0, सोलन 27.0, मनाली 24.8, कांगड़ा 30.0, मंडी 32.6, जुब्बड़हट्टी 25.7, कसौली 24.8, नेरी में 31.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
